महाराष्ट्र: भाजपा को जिताने की अपील वाली टी शर्ट पहने किसान ने की आत्महत्या

Written by sabrang india | Published on: October 15, 2019
महाराष्ट्र में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी की टी शर्ट पहने एक किसान जीवन लीला समाप्त कर ली। मामला राज्य के बुलढाणा जिले का है जहां रविवार तड़के एक किसान ने पेड़ से फांसी लगा ली। किसान की पहचान 38 वर्षीय राजू तलवड़े के रूप में हुई है। उसे जिले के खटखेड गांव में सुबह लगभग 8.30 बजे एक पेड़ की डाली से लटका हुआ पाया गया।



मृतक किसान बीजेपी की एक टी-शर्ट पहना हुआ था, जिसपर पार्टी का चुनाव-चिन्ह कमल छपा था और उसपर चुनावी नारा लिखा हुआ था -पुन्हा आनुया आपले सरकार यानी फिर से हमारी सरकार बनाएं। यह टी-शर्ट पार्टी ने 21 अक्टूबर के विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को वितरित किया है।

यह घटना ऐसे समय में घटी है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदर्भ में एक चुनावी रैली को संबोधित किया, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पश्चिमी महाराष्ट्र में चुनावी दौरे पर थे, और विपक्षी कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी मराठवाड़ा और मुंबई में थे। संयोगवश मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस विदर्भ क्षेत्र के नागपुर से आते हैं।

शिवसेना के किसान नेता किशोर तिवारी ने कहा है कि यह घटना अत्यंत गंभीर है और उन्होंने सभी दलों से आग्रह किया है कि वे राज्य में किसानों की समस्या को गंभीरता से लें। तिवारी ने आईएएनएस से कहा, "इस तरह की आत्महत्या खेती के सामने खड़े एक बहुत ही गंभीर संकट का संकेत करती है। यदि अगली सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए तो यह समस्या नियंत्रण से बाहर हो जाएगी।"

पुलिस के अनुसार, तलवड़े के ऊपर भारी कर्ज था, जिसे वह चुकता करने में अक्षम था। इसी के कारण संभवत: उसने यह कदम उठाया। फडणवीस ने शनिवार को एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार पर निशाना साधा था और कृषि संकट व किसानों की आत्महत्या के लिए पूर्व की कांग्रेस-एनसीपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया था।

बता दें कि महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आंकड़ों के अनुसार, राज्य में पिछले पांच महीने में यानी मई के आख़िर तक 1092 किसानों ने आत्महत्या की है। साल 2017 के मुकाबले यह आंकड़ा सिर्फ 72 कम है। यानी पिछले साल 1164 किसानों ने आत्महत्या की थी।

 

बाकी ख़बरें