छेड़खानी करने पर युवक को दलित महिलाओं ने बनाया बंधक, मारपीट कर आरोपी को छुड़ा ले गए हमलावर

Written by sabrang india | Published on: November 4, 2020
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के मुबारकपुर ताना क्षेत्र गूजरपार गांव की दलित महिलाओं ने छेड़खानी से तंग आकर एक युवक को बंधक बनाया। इसकी खबर लगते ही बड़ी संख्या में भीड़ वहां पहुंच गई और गांव में जमकर मारपीट हुई और ईंट पत्थर चले। हमलावर बंधक बनाए गए आरोपी को छुड़ा कर ले गए। इस गुंडई से नाराज महिलाएं गांव के  बाहर धरने पर बैठ गयी। देर रात पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले को शांत किया गया। 



खबरों के मुताबिक गूजरपुर गांव में यादव जाति का एक युवक अक्सर दलित लड़कियों के साथ छेड़खानी करता था। मंगलवार देर शाम फिर उसने जब दलित बस्ती में छेड़खानी की तो दलित महिलाओं ने उसे बंधक बना लिया। 

दलित बस्ती के लोगों का आरोप है कि युवक के पक्ष के लोगों ने गांव में घुसकर मारपीट की और उसे छुड़ाकर ले अपने साथ ले गए। आक्रोशित महिलाएं इसके बाद गांव के बाहर धरने पर बैठ गयी।

महिलाओं का आरोप था कि उनकी बहन बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। जानबूझकर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। महिलाओं के धरने पर बैठने की सूचना पर सीओ सदर समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची।

पुलिस ने छेड़खानी की शिकार किशोरी की मां की तहरीर पर आरोपित पक्ष के बालचंद यादव, विजय बहादुर यादव समेत कई अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और मामले की जांच की जा रही है। 

थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ने कहा कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा बख्शा नहीं जाएगा। 

बाकी ख़बरें