मध्य प्रदेश: कथित गौ तस्करी के नाम पर 25 लोगों को पकड़कर बंधक बनाया

Written by sabrang india | Published on: July 8, 2019
मध्य प्रदेश के खंडवा में कथित तौर पर गौ तस्करी के शक में 25 लोगों को करीब 100 लोगों ने रविवार को पकड़ लिया। एक रस्सी से उन सभी लोगों के हाथ बांधकर उन्हें थाने ले गए। बाद में इन सभी लोगों को उन्होंने पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के मुताबिक गौरक्षकों ने उन सभी से 'गौ माता की जय' के नारे भी लगवाए।

मामला खंडवा जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर सांवलीखेड़ा गांव का है। स्थानीय पुलिस ने इन कथित गौ तस्करों और गौरक्षकों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया है। पुलिस ने इस सिलसिले में 16 लोगों को गिरफ्तार किया है।

इन कथित गौरक्षकों द्वारा पशु तस्करी के नाम पर बांधकर ले जाए जा रहे लोगों का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि गौ तस्करों को रस्सी से बांधा गया और कान पकड़वाकर उन्हें मुर्गा भी बनाया गया।

एसपी शिवदयाल सिंह ने कहा कि हमने सभी गौवंश की तस्करी करने वाले और गौरक्षकों दोनों खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हमने उन 7-8 वाहनों को भी अपने कब्जे में कर लिया है जिसमें गौ तस्करी की जा रही थी।

बता दें कि गाय की खरीद फरोक्त को गौ तस्करी का नाम देकर कथित गौ रक्षक कहीं भी लोगों को पकड़ लेते हैं। इनके साथ हिंसा और दुर्व्यवहार का नजारा आए दिन देखने को मिलता है। कई घटनाओं में तो कई लोगों की जान तक ले ली गई है। पहलू खान, रकबर ऐसे ही कुछ नाम हैं जिन्हें गौ रक्षा के नाम पर मार डाला गया। 

बाकी ख़बरें