लालू यादव से मिले भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, कहा- बिहार के भविष्य का चेहरा हैं तेजस्वी यादव

Written by Sabrangindia Staff | Published on: December 23, 2018
भाजपा सांसद और मशहूर फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की जमकर तारीफ की है। सिन्हा ने तेजस्वी को बिहार के भविष्य का चेहरा बताया है। दरअसल भाजपा सांसद रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती आऱजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य का हाल जानने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया के साथ बातचीत में उन्होने ये बात कही। 



शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, ‘तेजस्वी बहुत अच्छा और तेज लड़का है। मेरा मानना है कि वह बिहार का भविष्य है और राज्य में भविष्य का चेहरा भी वही है।’ एक अन्य सवाल के उत्तर में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लालू प्रसाद के साथ उनके पारिवारिक रिश्ते हैं और वह दोनों एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मैं लालू जी का हालचाल जानने के लिए यहां आया हूं, पहले भी आता रहा हूं और हमेशा मिलता रहा हूं।' 

इस दौरान जब उनसे लालू यादव से मुलाकात के बारे में पूछा गया तो उन्होने कहा कि ज्यादातर घरेलू और पारिवारिक बातें ही हुई और वैसे भी अभी खरमास चल रहा है जिसमें कोई राजनीतिक बातचीत नहीं हो सकती है। लालू यादव से मुलाकात के दौरान शत्रुघ्न सिन्हा के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता सुबोध कांत सहाय और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन भी मौजूद थे।

बता दें कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती हैं। 

बाकी ख़बरें