यूपी में गैंगस्टर्स एक्ट के लगातार इस्तेमाल पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जताई नाराजगी, लगाई फटकार

Written by sabrang india | Published on: November 25, 2026
सुप्रीम कोर्ट द्वारा यूपी गैंगस्टर एक्ट को निष्प्रभावी घोषित किए जाने के बावजूद इसके तहत लगातार एफआईआर दर्ज किए जाने पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई। अदालत ने कहा कि उसे बार-बार यह याद दिलाने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए कि अधिकारी शीर्ष अदालत के फैसले का पालन करने में विफल हो रहे हैं। कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि ऐसे मामलों से जुड़े लोगों को हाईकोर्ट का रुख करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे ‘संवैधानिक अदालत का बहुमूल्य समय’ बर्बाद हो रहा है।


फोटो साभार : हिंदुस्तान टाइम्स

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार से सवाल किया है कि जब सुप्रीम कोर्ट 1986 के ‘उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एवं असामाजिक गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम’ को निष्प्रभावी घोषित कर चुका है, तो इसके बावजूद राज्य में इस कानून का इस्तेमाल लगातार क्यों किया जा रहा है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अदालत ने कहा, ‘जब अगस्त 2026 में शीर्ष अदालत ने इस अधिनियम से जुड़े कानून को स्पष्ट कर दिया है, तो इसके बाद अधिकारियों द्वारा इस अधिनियम के प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज करते रहने का कोई औचित्य नहीं है।’

जस्टिस अब्दुल मोइन और जस्टिस प्रमोद कुमार की खंडपीठ बृजेश कुमार उर्फ बंटी वर्मा की रिट याचिका पर सुनवाई कर रही थी। याचिका में उन्होंने अंबेडकर नगर जिले के अकबरपुर थाने में 23 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश गैंगस्टर अधिनियम की धारा 3(1) के तहत दर्ज एफआईआर को चुनौती दी है।

द वायर के अनुसार, याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट के अगस्त के फैसले का हवाला देते हुए कहा था कि अधिकारी इसके तहत आगे कार्रवाई जारी नहीं रख सकते।

लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने इसी साल अगस्त में इस अधिनियम को ‘निष्प्रभावी’ करार दिया था। शीर्ष अदालत का कहना था कि यह कानून अपने आप में कोई अलग आपराधिक कृत्य निर्धारित नहीं करता। साथ ही किसी व्यक्ति को केवल ‘गैंगस्टर’ घोषित कर देने के आधार पर उसके खिलाफ मुकदमा चलाकर सजा नहीं दी जा सकती।

अदालत ने पिछले शुक्रवार को मामले में दर्ज एफआईआर पर रोक लगाते हुए आदेश दिया कि अगले निर्देश तक इस संबंध में कोई कार्रवाई न की जाए। साथ ही कोर्ट ने चेतावनी दी कि आदेशों का पालन नहीं होने की स्थिति में संबंधित अधिकारी को सभी रिकॉर्ड के साथ व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होना होगा।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अदालत ने इसी दिन टिप्पणी की कि उसे बार-बार यह याद दिलाने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए कि अधिकारी सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का पालन करने में विफल हो रहे हैं। कोर्ट ने यह भी कहा कि मुकदमों से जुड़े लोगों को हाईकोर्ट का रुख करने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे ‘संवैधानिक अदालत का बहुमूल्य समय’ व्यर्थ हो रहा है।

अदालत ने यह भी उल्लेख किया कि कुछ सरकारी वकील पहले ही अधिकारियों के समक्ष इस कानून के तहत लगातार एफआईआर दर्ज किए जाने का मुद्दा उठा चुके थे। हालांकि, ऐसा प्रतीत होता है कि उनकी ओर से इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

Related

JNU में आरक्षण चोरी का आरोप: राजद सांसद संजय यादव ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र, ST-SC-OBC सीटों में कटौती पर जताई चिंता

भारत-बांग्लादेश सीमा पर पांच दिनों से फंसी एक महिला, नागरिकता को लेकर BSF और BGB के बीच चल रहे गतिरोध के दौरान लापता हो गई

बाकी ख़बरें