दिल्ली में फेफड़ों के कैंसर का बढ़ता खतरा: साढ़े छह साल में 6,500 से अधिक मामले, हर तीन दिन में एक मरीज की मौत

Written by sabrang india | Published on: November 25, 2026
आरटीआई के माध्यम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले साढ़े छह वर्षों में दिल्ली के तीन सरकारी अस्पतालों में फेफड़ों के कैंसर के 6,500 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान सबसे अधिक मामले दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में सामने आए।


फोटो साभार: पीटीआई

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच फेफड़ों के कैंसर से जुड़े चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। पिछले साढ़े छह वर्षों में दिल्ली के चार प्रमुख सरकारी अस्पतालों में से तीन (सफदरजंग अस्पताल को छोड़कर) में फेफड़ों के कैंसर के 6,500 से अधिक मामले दर्ज किए गए। इन आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान औसतन हर तीन दिन में एक मरीज की मौत हुई।

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा ने एक आरटीआई आवेदन के जरिए यह जानकारी हासिल की है। आवेदन में दिल्ली के एम्स, राम मनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल), सफदरजंग अस्पताल और दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान से 1 जनवरी 2020 से 31 जुलाई 2026 के बीच फेफड़ों के कैंसर के मामलों की संख्या और मौत के आंकड़े मांगे गए थे।

इसके अलावा उन मरीजों का आंकड़ा भी मांगा गया था, जिन्हें कभी धूम्रपान की आदत नहीं रही, फिर भी वे फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित हुए। हालांकि, ‘भाषा’ के मुताबिक किसी भी अस्पताल ने इस संबंध में आंकड़े उपलब्ध नहीं कराए। वहीं, सफदरजंग अस्पताल ने कैंसर से हुई मौतों की संख्या तो बताई, लेकिन वहां दर्ज कुल मामलों का विवरण नहीं दिया।

‘भाषा’ के मुताबिक, आरटीआई के तहत दाखिल किए गए अलग-अलग आवेदनों के जवाब में मिली जानकारी के अनुसार, पिछले साढ़े छह वर्षों के दौरान सफदरजंग अस्पताल को छोड़कर दिल्ली के तीन अन्य सरकारी अस्पतालों में फेफड़ों के कैंसर के कुल 6,581 मामले दर्ज किए गए। इस अवधि में हर महीने औसतन 83 मरीजों में इस बीमारी की पुष्टि हुई।

द वायर के अनुसार, इस अवधि में इन चारों अस्पतालों में 913 लोगों की मौत हुई, यानी हर तीन दिन में एक मरीज की मौत हुई।

ये आंकड़े ऐसे समय में सामने आए हैं, जब दिल्ली की वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार पहुंचकर ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि नवंबर महीने को फेफड़ों के कैंसर के प्रति जागरूकता माह के रूप में भी मनाया जाता है। ऐसे में प्रदूषण और फेफड़ों की सेहत को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

पीटीआई-भाषा को उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक, एम्स दिल्ली ने जनवरी 2020 से मार्च 2026 तक के आंकड़े साझा किए हैं। इस अवधि में फेफड़ों के कैंसर के सबसे अधिक मामले इसी अस्पताल में दर्ज किए गए। एम्स के अनुसार, छह साल और तीन महीने के दौरान यहां फेफड़ों के कैंसर के कुल 4,860 मामले सामने आए, जबकि 158 मरीजों की मौत हुई। इस हिसाब से हर महीने औसतन करीब 65 नए मामले दर्ज हुए और लगभग दो मरीजों की जान गई।

इसी क्रम में दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान (DSCI) ने 1 जनवरी 2020 से जुलाई 2026 तक के आंकड़े उपलब्ध कराए हैं। इनके मुताबिक, इस अवधि में अस्पताल में फेफड़ों के कैंसर के कुल 1,613 मामले दर्ज किए गए, जबकि इस बीमारी से 354 मरीजों की मौत हुई। आंकड़ों के अनुसार, यहां हर महीने औसतन 20 नए मामले सामने आए और करीब चार मरीजों की जान गई।

अस्पताल ने पुरुषों और महिलाओं में होने वाली मौतों का अलग-अलग ब्योरा साझा नहीं किया है। हालांकि, संस्थान के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2021 में दो बच्चे भी फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित पाए गए थे। इसके अलावा पिछले साढ़े छह वर्षों के दौरान कुल 351 महिलाओं में इस बीमारी की पुष्टि हुई।

वहीं, आरएमएल अस्पताल के अनुसार इस अवधि के दौरान यहां फेफड़ों के कैंसर के कुल 108 मामले सामने आए, जिनमें 47 महिलाएं शामिल थीं। इस दौरान बीमारी के कारण आठ लोगों की मौत हुई।

सफदरजंग अस्पताल ने बताया है कि उसके यहां इस अवधि में फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित 393 मरीजों की मौत हुई।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, वायु प्रदूषण के लंबे समय तक संपर्क में रहने से फेफड़ों के कैंसर का जोखिम बढ़ सकता है। दिल्ली की स्थिति इस चिंता को और गंभीर बनाती है, क्योंकि यह भारत के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल है। यहां पीएम का वार्षिक औसत स्तर 197 µg/m³ दर्ज किया गया है।

Related

भदोही: दलित महिला ने यौन उत्पीड़न और जातिसूचक दुर्व्यवहार का आरोप लगाया, पति पर लोहे की रॉड से हमला, नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

JNU में आरक्षण चोरी का आरोप: राजद सांसद संजय यादव ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र, ST-SC-OBC सीटों में कटौती पर जताई चिंता

बाकी ख़बरें