सफाई कर्मचारियों की वेतन कटौती पर मद्रास हाईकोर्ट सख्त, चेन्नई के जिला कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त से मांगा जवाब

Written by sabrang india | Published on: November 24, 2026
प्रशासन ने 5 अक्टूबर को आदेश जारी कर सफाई कर्मचारियों की दैनिक मजदूरी ₹832 से घटाकर ₹762 कर दी थी। इस फैसले के कारण प्रत्येक कर्मचारी को प्रतिदिन ₹70 और महीने में करीब ₹2,100 का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। गौरतलब है कि वेतन में कटौती का यह आदेश अप्रैल 2026 से पूर्व प्रभाव से लागू किया गया है।


साभार : द मूकनायक

प्रशासन ने 5 अक्टूबर को आदेश जारी कर सफाई कर्मियों की दैनिक मजदूरी ₹832 से घटाकर ₹762 कर दी थी। याचिकाकर्ता का कहना है कि इस फैसले के चलते प्रत्येक कर्मचारी को प्रतिदिन ₹70 और महीने में करीब ₹2,100 का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि मजदूरी में कटौती का यह आदेश अप्रैल 2026 से ही प्रभावी कर दिया गया है।

द मूकनायक की रिपोर्ट के अनुसार, अदालत में दायर याचिका में कर्मचारियों की ओर से कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं। याचिकाकर्ताओं ने 5 अक्टूबर को जारी वेतन कटौती के आदेश को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने सफाई कर्मचारियों की दैनिक मजदूरी दोबारा ₹832 निर्धारित करने तथा अप्रैल 2026 से 5 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन काटे गए ₹70 के हिसाब से सभी कर्मचारियों को बकाया वेतन (एरियर) का भुगतान करने का निर्देश देने की भी मांग की है।

मामले की प्रारंभिक सुनवाई के दौरान मद्रास हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सी. सरवनन ने वेतन कटौती के मुद्दे को गंभीरता से लिया। अदालत ने चेन्नई के जिला कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिया है कि वे सफाई कर्मचारियों की मजदूरी में की गई कटौती के कारणों को स्पष्ट करते हुए अपना जवाब दाखिल करें।

निजीकरण और वेतन को लेकर लंबे समय से जारी है संघर्ष

चेन्नई में सफाई कर्मचारियों के वेतन और नौकरी की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा पिछले एक साल से भी अधिक समय से लगातार चर्चा में बना हुआ है।

सफाई व्यवस्था के निजीकरण और थर्ड-पार्टी ठेकेदारी प्रथा के खिलाफ चेन्नई में पिछले कई महीनों से विरोध प्रदर्शन जारी हैं। उझाइप्पोर उरिमाई इयक्कम (Uzhaippor Urimai Iyakkam) सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के नेतृत्व में रिपन बिल्डिंग के बाहर कई बड़े प्रदर्शन किए जा चुके हैं। इन प्रदर्शनों की शुरुआत ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन (GCC) द्वारा दो जोन में कचरा प्रबंधन का निजीकरण करने और राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (NULM) के तहत वर्षों से कार्यरत करीब 1,953 सफाई कर्मचारियों को अचानक नौकरी से हटाए जाने के विरोध में हुई थी।

लगातार 13 दिनों तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद अगस्त 2025 में मद्रास हाईकोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने आधी रात को कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को धरनास्थल से हटा दिया था और कई लोगों को हिरासत में लिया था। इस कार्रवाई को लेकर शालिन मारिया लॉरेंस सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर प्रदर्शनकारियों के साथ बल प्रयोग करने और उन्हें भोजन तथा शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित करने के गंभीर आरोप लगाए थे।

लंबे समय तक चले आंदोलन के बाद सरकार और कर्मचारियों के बीच हुई बातचीत में प्रतिदिन ₹50 भोजन भत्ता देने के साथ-साथ शौचालय और सुरक्षा उपकरण जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सहमति बनी थी। हालांकि, स्थायी रोजगार, साप्ताहिक सवैतनिक अवकाश और ₹832 न्यूनतम दैनिक मजदूरी लागू करने जैसी कर्मचारियों की प्रमुख मांगें अब भी अनसुलझी हैं और विवाद का मुख्य मुद्दा बनी हुई हैं।

Related

भदोही: दलित महिला ने यौन उत्पीड़न और जातिसूचक दुर्व्यवहार का आरोप लगाया, पति पर लोहे की रॉड से हमला, नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

बंगाल: SIR में नाम हटने से परेशान महिला की मौत, परिवार का आरोप

बाकी ख़बरें