होली से पहले मोदी सरकार का झटका, रसोई गैस के दाम में 50 से 350 रुपये तक बढ़ोत्तरी

Written by sabrang india | Published on: March 1, 2023
रसोई गैस और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े



देश की जनता को मोदी सरकार ने होली से पहले करारा झटका दिया है। यह झटका गैस के दामों की बढ़ोत्तरी को लेकर है। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि घरेलू गैस सिलेंडर और कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर से बढ़ोत्तरी हो गई है। बता दें, आठ महीने बाद रसोई गैस के दाम में 50 रुपए और कमर्शियल गैस की कीमत में 350 रुपए के लगभग बढ़ोत्तरी की गई है। 

दिल्ली में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1103 रुपये हुई तो वहीं कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 350.50 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में आज से 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2119.50 रुपए हो गई। बता दें कि गैस की कीमतों में ये बदलाव तकरीबन आठ महीने बाद किया गया है।  

2022 में 150 रुपए महंगा हुआ था रसोई गैस सिलेंडर
2022 में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 150 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी। एक साल में गैस सिलेंडर की कीमतों में 153 रुपए की वृद्धि हुई। वहीं साल 2023 की बात करें तो घरेलू गैस की कीमतों में पहली बार इजाफा किया गया है। इससे पहले कमर्शियल गैस की कीमतों में 1 जनवरी 2023 को इजाफा किया गया था। 

कांग्रेस ने मोदी सरकार पर निशाना साधा
गैस के दाम बढ़ाए जाने पर कांग्रेस ने तंज कसते हुए इसे मोदी सरकार का होली गिफ्ट बताया है। कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा गया, "मोदी सरकार ने होली का गिफ्ट दिया। LPG सिलेंडर पर 50 रुपए' ज्यादा वसूले जाएंगे। कमर्शियल सिलेंडर पर 350 रुपए ज्यादा वसूले जाएंगे।"

सपा भी हमलावर
रसोई गैस के दाम बढ़ाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा, "भाजपा घरेलू व कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाकर खाने पर अप्रत्यक्ष कर लगा रही है। कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से हर तरह का उत्पादन महँगा होगा, लागत बढ़ेगी तो उत्पादों के दाम भी बढ़ेंगे। जो नौकरीपेशा बच्चे बाहर से मंगाए टिफ़िन और खाने पर निर्भर करते हैं, ये उनकी जेब पर भी डाका है।"

जबकि शिवपाल यादव ने कहा, "एक तरफ तो यूपी में घरेलू बिजली दरों में 18 से 23 फीसदी के वृद्धि प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है, दूसरी तरफ होली से पहले घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर में 50 रुपये की बढ़ोत्तरी व कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर में करीब 350 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है। भाजपा सरकार मतलब आम आदमी की जिंदगी दुश्वार।"

Related:

बाकी ख़बरें