किसानों ने दिल्ली-जयपुर हाईवे जाम किया

Written by Sabrangindia Staff | Published on: December 13, 2020
नई दिल्ली। किसान अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। सरकार की तरफ से कोई ठोस जवाब न मिलते देख देशभर के कई राज्यों से किसानों के जत्थे लगातार दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं। आज 13 दिसंबर को, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के हजारों किसानों ने संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) की अगुवाई में राजस्थान के हरियाणा सीमा पर शाहजहाँपुर में जयपुर से दिल्ली आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया।


 
दिल्ली आने वाले अन्य चार राष्ट्रीय राजमार्ग पहले ही अवरुद्ध हो चुके हैं। यह कार्रवाई देशव्यापी किसान संघर्ष को तेज करने का हिस्सा थी।



इस कार्रवाई का नेतृत्व AIKSCC वर्किंग ग्रुप के सदस्य हन्नान मोल्लाह, डॉ अशोक धवले, राजू शेट्टी, मेधा पाटकर, प्रतिभा शिंदे, योगेंद्र यादव, सत्यवान, कविता कुरुगांती, और अमरा राम, पी कृष्ण प्रसाद, विजू कृष्णन, मेजर सिंह, सुरेंद्र सिंह ने किया। 

बता दें कि आज सुबह 11 बजे NH-8 पर राजस्थान -हरियाणा बॉर्डर शाहजहांपुर (बहरोड़) से सैकड़ों वाहनों के साथ हजारों किसान दिल्ली तरफ निकले। किसान संगठनों और केंद्र सरकार के बीच वार्ता में गतिरोध आने के बाद आंदोलन को और मजबूत करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले हो रहे इस आंदोलन को और मजबूत करने के लिए राजस्थान के कोने कोने से तथा दक्षिणी हरियाणा के सभी जिलों के किसान शाहजहांपुर बॉर्डर से दिल्ली की ओर निकले।

बाकी ख़बरें