बिहार चुनाव : महागठबंधन में सीटों के बंटवारे पर बनी आम सहमति

Written by sabrang india | Published on: October 3, 2020
पटना। बिहार के आगामी विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर आम सहमति बन गई है। खबरों के मुताबिक महागठबंधन की अगुवाई करने वाली पार्टी राष्ट्रीय जनता दल कुल 143 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि कांग्रेस 70 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को खड़ा करेगी। खबरों के मुताबिक राजद अपने कोटे से मुकेश साहनी की विकासशील इंसान पार्टी को सीट देगी। माना जा रहा है कि साहनी को 10 से 12 सीटें मिलेंगी। 



एनडीटीवी ने अपनी एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया है कि वामदलों को 28 से 30 सीटें मिली हैं।  सीटों के बंटवारे पर यह सहमति पहले चरण के नामांकन के दूसरे दिन बनी है। हालांकि इसका आधिकारिक और औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है। 

बिहार में 243 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए पहले चरण का मतदान 71 सीटों पर 28 अक्टूबर को होना है। 3 और 7 नवंबर को दूसरे और तीसरे चरण का चुनाव होना है। 10 नवंबर को मतों की गिनती होगी। पहले चरण के लिए गुरुवार (1 अक्टूबर) से नामांकन शुरू हो चुका है। यह 8 अक्टूबर तक चलेगा।

माना जा रहा है कि जैसे ही महागठबंधन और एनडीए में सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे का विवाद सुलझेगा वैसे ही नामांकन की प्रक्रिया में तेजी आ सकती है। एनडीए में अभी तक सीटों की बंटवारा नहीं हो सका है और लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान की वजह से मामला अटका पड़ा है। पहले चरण के चुनाव में नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 12 अक्टूबर है।

राज्य के मुख्यमंत्री और सत्तारूढ़ गठबंधन के अगुवा नीतीश कुमार चौथी बार राज्य की सत्ता में वापसी को लेकर उत्सुक हैं, वहीं लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव की अगुवाई में विपक्षी महागठबंधन कोरोना वायरस संकट, प्रवासी मजदूरों का संकट, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, बाढ़, किसानों की जर्जर हालत आदि मुद्दों पर नीतीश सरकार को फेल बता कर सत्ता की चाभी पाने को बेकरार हैं। राज्य में तीन चरणों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चुनाव कराए जाएंगे।

बाकी ख़बरें