अंतर धार्मिक प्रेम संबंध में प्रेमी की जान ली तो प्रेमिका ने शव से किया विवाह!

Written by sabrang india | Published on: December 2, 2025
हत्या के बाद आंचल ने अब सक्षम के परिवार के साथ रहने का निर्णय ले लिया है और उसकी मां का सहारा बनकर जीवन बिताने का वादा किया है। साथ ही, उसने अपने पिता और भाइयों को फांसी की सज़ा देने की मांग भी की है।


साभार : द मूकनायक

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से अंतरजातीय प्रेम से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां आंचल मामिडवार नाम की एक युवती ने अपने 20 वर्षीय प्रेमी सक्षम ताटे की हत्या के बाद उसके शव के साथ ही प्रतीकात्मक विवाह कर लिया। आरोप है कि एक हिंदू परिवार ने अपनी बेटी के बौद्ध युवक से संबंध का विरोध करते हुए उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। आंचल ने अपने पिता और भाइयों को फांसी की सज़ा देने की मांग की है।

द मूकनायक की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस जांच में सामने आया कि आंचल और सक्षम पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध में थे। दोनों की मुलाकात आंचल के भाईयों के माध्यम से हुई थी और आंचल अक्सर सक्षम के घर जाती रहती थी। लेकिन समस्या तब शुरू हुई जब आंचल के परिवार को उनके प्रेम संबंध की जानकारी मिली। आंचल का परिवार हिंदू समुदाय से है, जबकि सक्षम दलित-बौद्ध समुदाय से था। परिवार ने जातिगत अंतर के कारण इस रिश्ते का विरोध किया और सक्षम को कई बार जान से मारने की धमकियां दीं।

गुरुवार शाम जुनागंज क्षेत्र में सक्षम अपने दोस्तों के साथ खड़ा था, तभी आंचल के भाई हिमेश मामिडवार ने उस पर गोली चला दी। गोली सक्षम की पसलियों को पार करती हुई निकल गई। इसके बाद हिमेश ने टाइल (पत्थर की स्लैब) से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में आंचल के पिता गजानन मामिडवार (45 वर्ष), भाई साहिल मामिडवार (25 वर्ष) और तीन अन्य लोग भी शामिल थे।

शुक्रवार शाम सक्षम के अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं कि तभी आंचल वहां पहुंच गई। गहरे शोक में डूबी आंचल ने सक्षम के शव के साथ ही प्रतीकात्मक विवाह की रस्में निभाईं। उसने शव पर हल्दी और कुमकुम लगाया, अपने माथे पर सिंदूर भरा और खुद को उसकी विधवा घोषित कर दिया। आंचल ने कहा, “हमारा प्रेम अमर हो गया। यह साबित करता है कि प्रेम की कोई जाति नहीं होती।” उसका दावा है कि दोनों जल्द शादी करने वाले थे, लेकिन परिवार की साजिश ने उनका सब कुछ छीन लिया। अब आंचल ने सक्षम के परिवार के साथ रहने का निर्णय लिया है और उसकी मां का साथ निभाने का वादा किया है।

सोशल मीडिया पर आंचल के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वह रोते हुए कहती दिखाई देती है, “मेरे पिता और भाइयों ने सक्षम को मार डाला। मैं न्याय चाहती हूं — उन्हें फांसी की सज़ा मिलनी चाहिए।” आंचल का आरोप है कि उसके परिवार ने कई हफ्तों से सक्षम की हत्या की योजना बना रखी थी।

हत्या, SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम व आर्म्स एक्ट के तहत 6 गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें आंचल के पिता गजानन, उसके भाई हिमेश और साहिल, तीन अन्य वयस्क तथा एक नाबालिग शामिल हैं। नाबालिग को किशोर सुधार गृह भेज दिया गया है। मामले को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी और आंचल का विस्तृत बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

वहीं, जातिगत तनाव को नियंत्रित रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। मामले की आगे की जांच जारी है। यह दर्दनाक घटना भारत में अंतरजातीय विवाहों और ऑनर किलिंग से जुड़े बढ़ते मुद्दों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। आंचल का साहस न सिर्फ उसके प्रेम की गहराई को दर्शाता है, बल्कि समाज को जातिगत पूर्वाग्रहों से ऊपर उठने की सीख भी देता है।

Related

तमिलनाडु: जातिगत उत्पीड़न के शिकार दलित छात्र की आत्महत्या की कोशिश, 10 दिन बाद अस्पताल में मौत

MP: दलित दुल्हन की बिंदोली रोकने पर हंगामा, 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

बाकी ख़बरें