केंद्रीय मंत्री के भड़काऊ बोल, कहा- अगर कोई हिन्दू लड़की को छूए तो वो हाथ नहीं बचने चाहिए

Written by Sabrangindia Staff | Published on: January 28, 2019
केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े अपने विवादित बयानों से अक्सर मीडिया की सुर्खियों में बने रहते हैं। इस बीच उन्होने एक बार फिर विवादित बयान दिया  है। कर्नानटक में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हेगड़े ने कहा कि अगर कोई हिन्दू लड़की को छूए तो वो हाथ नहीं बचने चाहिए। उन्होने कहा, हमें अपने समाज की प्राथमिकताओं के बारे में विचार करना होगा। हमें जाति के बारे में नहीं सोचना चाहिए। यदि एक हिन्दू लड़की को कोई हाथ छूता है तो वह हाथ नहीं बचना चाहिए।



बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब हेगड़े ने विवादित बयान दिया हो। इससे पहले उन्होने कहा था कि हम यहां संविधान को बदलने आए हैं। इसके अलावा हाल ही में जब सबरीमला में महिलाओं के प्रवेश का मसला चर्चाओं में रहा तब उन्होने कहा था, राज्य की विजयन सरकार पूरी तरह फेल हो गई। सबरीमाला मंदिर में महिलाओं का प्रवेश दिनदहाड़े हिंदुओं का रेप है। वामपंथियों के पूर्वाग्रहों की बजाय केरल के मुख्यमंत्री का पूर्वाग्रह लोगों में भ्रम पैदा कर रहा है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश से मैं सहमत हूं लेकिन जनभावनाओं को ठेस पहुंचाए बिना कानून-व्यवस्था संभालना सरकार का काम होता है। केरल की सरकार इस मामले में पूरी तरह विफल साबित हो गई।

केंद्रीय मंत्री ने धर्मनिरपेक्षता को लेकर भी एक ऐसा बयान दिया था, जिससे विवाद शुरू हो गया था। उन्होंने कहा था, जो लोग धर्मनिरपेक्ष होते हैं, वे अपनी जड़ों से अनजान होते हैं। एक नई परंपरा चलन में है जिसमें लोग खुद को धर्मनिरपेक्ष बताने लगे हैं। मुझे खुशी होगी कि अगर कोई गर्व से यह कहता है कि वह लिंगायत, ब्राह्मण, हिंदू, मुस्लिम या ईसाई है। इससे पता चलता है कि उस व्यक्ति को यह मालूम है कि उसकी रगो में कौन सा खून है। जो लोग खुद को धर्मनिरपेक्ष बताते हैं, मुझे नहीं पता कि उन्हें क्या कहकर बुलाना चाहिए।

बता दें कि अनंत कुमार हेगड़े शुरू से ही दक्षिणपंथी राजनीति से जुड़े रहे हैं। छात्र जीवन में वे राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के सदस्य थे। इसके बाद उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने के लिए कदंब समूह की स्थापना की। पहली बार वर्ष 1996 में वे लोकसभा पहुंचे और उसके बाद से उत्तर कन्नड़ संसदीय क्षेत्र से लगातार पांच बार चुनाव जीत चुके हैं।

बाकी ख़बरें