टूलकिट शेयर करने पर पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि गिरफ्तार, विपक्ष ने की निंदा

Written by Sabrangindia Staff | Published on: February 15, 2021
नई दिल्ली। पुलिस ने दिशा को ग्रेटा थनबर्ग द्वारा किसान आंदोलन के समर्थन में शेयर की गई टूलकिट के मामले में रविवार को बेंगलुरू से पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि को गिरफ्तार किया है। ग्रेटा ने कुछ दिनों पहले अपने ट्वीट के साथ एक टूलकिट शेयर की थी। हालांकि बाद में उन्होंने इसे डिलीट कर दिया था। पुलिस का आरोप है कि दिशा ने ही उसे सर्कुलेट किया था। नार्थ बंगलूरू के सोलादेवना हल्ली इलाके की रहने वाली व जलवायु कार्यकर्ता दिशा ने माउंट कैमेल कॉलेज से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन स्नातक की डिग्री हासिल की है।  



दिशा की गिरफ्तारी को लेकर विपक्षी नेताओं ने सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने ट्वीट कर कहा, 'यदि माउंट कार्मेल कॉलेज की 22 वर्षीया छात्रा और जलवायु कार्यकर्ता दिशा रवि देश के लिए खतरा बन गई है, तो भारत बहुत ही कमजोर बुनियाद पर खड़ा है। चीनी सैनिकों द्वारा भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की तुलना में किसानों के विरोध का समर्थन करने के लिए लाया गया एक टूलकिट अधिक खतरनाक है। भारत बेतुका रंगमंच बन रहा है और यह दुखद है कि दिल्ली पुलिस उत्पीड़कों का औजार बन गई है। मैं दिशा रवि की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करता हूं और सभी छात्रों और युवाओं से आग्रह करता हूं कि वे निरंकुश शासन के खिलाफ आवाज उठाएं। 

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पूछा है कि क्या सरकार को अपनी छवि खराब होने की परवाह नहीं है। उन्होंने कहा, 'भारत में किसान आंदोलन को दबाने के लिए जिस तरह से राजनीतिक विरोध और वैचारिक आजादी पर हमले हो रहे हैं, दिशा रवि की गिरफ्तारी उसमें नया कदम है। क्या भारत सरकार को दुनिया में अपनी छवि खराब होने की जरा भी परवाह नहीं है? 

अमेरिकी उपराष्ट्रपति की भांजी और पेशे से वकील मीना हैरिस ने दिशा की गिरफ्तारी को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 'भारतीय अधिकारियों ने एक अन्य महिला कार्यकर्ता दिशा रवि को गिरफ्तार किया है, क्योंकि उसने किसानों के विरोध का समर्थन करने के लिए सोशल मीडिया टूलकिट पोस्ट की थी। सरकार से पूछना चाहिए कि आखिर वो क्यों कार्यकर्ता को निशाना बना रहे हैं। 

दिशा की गिरफ्तारी पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोमवार को ट्वीट कर लिखा, 'डरते हैं बंदूकों वाले एक निहत्थी लड़की से, फैले हैं हिम्मत के उजाले एक निहत्थी लड़की से। 

बाकी ख़बरें