मध्यप्रदेशः देवास में दलित की शादी में लोगों पर पथराव, एक की मौत, इलाके में सांप्रदायिक तनाव

Written by Sabrangindia Staff | Published on: June 1, 2019
मोदी सरकार-2 आने के बाद भी दलितों पर हो रहे लगातार हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला मध्यप्रदेश के देवास का है यहां एक शादी के दौरान जुलूस पर पथराव की घटना हुई। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं कई अन्य घायल हुए हैं। इस घटना के बाद से इलाके में सांप्रदायिक तनाव है। हालांकि पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण किया, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।



खबरों के मुताबिक, देवास जिले की सोनकच्छ तहसील के पिपलियारावान इलाके में दलितों की एक बारात आयी हुई थी। रात के समय बारात का जुलूस निकल रहा था। जैसे ही यह जुलूस इलाके में स्थित मस्जिद के बाहर पहुंचा तो वहां पर दूसरे संप्रदाय के लोगों ने इस पर आपत्ति जताते हुए संगीत की आवाज धीमी करने को कहा, लेकिन बारात पक्ष ने इसे अनसुना कर दिया।

इसी बीच बारात पर दूसरे संप्रदाय के लोगों ने पथराव कर दिया। अचानक हुए इस पथराव में बारात में शामिल लोगों को बचने का मौका भी नहीं मिला और कई लोग पत्थर लगने से घायल हो गए। बारात में शामिल धर्मेंद्र नामक व्यक्ति के सिर में एक बड़ा सा पत्थर लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सबसे हैरान करने की बात यह है कि यह घटना जहां पर हुई है उसके नजदीक ही पुलिस स्टेशन है। ऐसे में पथराव होने पर बारात के कुछ लोग मदद के लिए पुलिस थाने पहुंच गए। दलित समुदाय के लोगों का आरोप है कि लोगों की भीड़ ने पुलिस थाने के अंदर भी उन्हें पीटा। इसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग भी किया।

लोगों के अनुसार, घटना में मारा गया शख्स धर्मेंद्र शिंदे बीच-बचाव की कोशिश कर रहा था और भीड़ को शांत करने में जुटा था। धर्मेंद्र शिंदे की मौत के अलावा इस घटना में 2 लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं, वहीं कुछ लोग मामूली रुप से चोटिल हुए हैं। गंभीर रुप से घायल लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं घटना को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात कर दिया गया है। 

कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं और इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। प्रशासन फिलहाल स्थानीय लोगों से बात कर स्थिति को शांत करने में जुटा है।

बाकी ख़बरें