छात्रा का SSP से सवाल - उन्नाव पीड़िता जैसे शिकायत करने पर हमारा एक्सीडेंट हो गया तो?

Written by sabrang india | Published on: August 1, 2019
यूपी के बाराबंकी शहर में पुलिस द्वारा बालिका सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित कराए जा रहे हैं। रैलियों और गोष्ठी का आयोजन कर छात्राओं को टोल फ्री नंबर के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही,  उन्हें यह आश्वासन दिया जा रह है कि टोल फ्री नंबर पर कॉल करने पर पुलिस तत्काल उनकी सहायता करेगी। बुधवार को ऐसा ही एक कार्यक्रम शहर के आनंद भवन विद्यालय में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में SSP आरएस गौतम ने छात्राओं को सुरक्षा के प्रति सचेत रहने की हिदायत देते हुए टोल फ्री नंबरों की जानकारी दी। ऐसे में एक छात्रा के सवाल ने एसएसपी को भी हैरत और पशोपेश में डाल दिया। 
 
                               PC- Amar Ujala
SSP ने छात्राओं से कहा कि ‘आप सभी अपनी सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहें और अगर आपके साथ कभी कुछ गलत हो तो उसकी जानकारी तुरंत टोल फ्री नंबर पर दें।’ SSP जी ने इतना ही कहा था कि वहाँ बैठी एक छात्रा अचानक उठी और SSP पर सीधा सवाल दाग दिया। छात्रा का सवाल भी ऐसा था जिसका जवाब देने के लिए SSP गौतम के पास शब्द ही नहीं थे।

बता दें कि SSP की बातों को सुन छात्रा ने सवाल किया था कि आप भले ही कह रहे हैं कि कुछ गलत होने पर हमें टोल फ्री नंबर पर फोन कर पुलिस को जानकारी देनी चाहिए। परंतु, अगर आरोपी को इसकी भनक लग गई और उसने हमारा एक्सीडेंट करा दिया, जैसा उन्नाव की रेप पीड़िता के साथ हुआ, तो क्या होगा? उन्नाव की रेप पीड़िता के साथ एक विधायक ने गलत काम किया था और वो उसके खिलाफ लड़ाई लड़ रही है, तो उसका एक्सीडेंट करा दिया गया है। 

छात्रा के इस सवाल पर SSP आरएस गौतम हैरान रह गए और मानो सवाल का जवाब देने के लिए उनके पास शब्द ही कम पड़ गए हों। छात्रा के सवाल का सीधा-सीधा जवाब देने से कतराते हुए SSP जी ने कहा कि टोल फ्री नंबर पर फोन करने पर तत्काल मदद दी जाएगी और पुलिस पूरी सहायता करेगी। छात्रा के सवालों का जवाब SSP जी भले ही न देना चाह रहे हों, पर इससे कानून पर सत्ताधारियों की पकड़ कितनी मज़बूत है इसका साफ़ तौर पर अंदाजा लगाया जा सकता है।  
 

बाकी ख़बरें