राहुल गांधी ने फिर प्रधानमंत्री मोदी पर बोला हमला, कहा- आपकी गलतियों से भारत में घुसा चीन

Written by sabrang india | Published on: July 23, 2020
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वायनाड सांसद राहुल गांधी ने एक बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी अपनी एक वीडियो सीरीज 'सत्य का सफर' के जरिए सरकार पर निशाना साध रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि चीनियों के साथ आपको मानसिक मजबूती से निपटना होगा। अगर आप उनसे निपटने के लिए मजबूत स्थिति में है तभी आप काम कर पाएंगे। उनसे वो हासिल कर पाएंगे जो आपको चाहिए और ये सचमुच किया जा सकता है।



चीन सीमा विवाद पर राहुल गांधी ने कहा कि अगर उन्होंने आपकी कमजोरी पकड़ ली तो गड़बड़ है। पहली बात, आप बगैर किसी दृष्टिकोण के चीन से नहीं निपट सकते हैं। मैं केवल राष्ट्रीय दृष्टिकोण की बात नहीं कर रहा मेरा मतलब अंतराष्ट्रीय दृष्टिकोण से है। भारत को वैश्विक दृष्टिकोण अपनाना होगा। भारत को अब एक विचार बनना होगा। जाहिर सी बात है सीमा विवाद है। हमें इसका भी समाधान करना है लेकिन हमें अपना तरीका बदलना होगा। हम दोराहे पर खड़े हैं। अगर हम एक तरफ जाते हैं तो हम बड़ी भूमिका में जाएंगे और अगर हम दूसरी तरफ चले गए तो आप्रसंगिक होंगे।

उन्होंने आगे  कहा कि हम एक बड़ा मौका गंवा रहे हैं, क्योंकि हम दूर की नहीं सोचते. क्योंकि हम अपना आंतरिक संतुलन बिगाड़ रहे हैं। हम आपस में लड़ रहे हैं। पीएम पर हमला बोलते हुए राहुल ने कहा कि जरा राजनीति की तरफ देखिए दिनभर भारतीय आपस में लड़ रहे हैं और इसकी वजह है क्योंकि आगे बढने के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण नहीं हैं। मैं जानता हूं कि पीएम प्रतिद्धंदी हैं, मेरी जिम्मेदारी उनसे सवाल पूछने की है। मेरी जिम्मेदारी है कि मैं उनपर दबाव डालूं ताकि वो काम करें। मैं दावे से आपको कहता हूं कि उनका अपना दृष्टिकोण नहीं है, इसलिए चीन आज भारत की भूमि में घुसा है।

बाकी ख़बरें