पंजाब में फोन चोरी के आरोप में दलित युवकों को खेत में घसीटा गया, अर्धनग्न हालत में घुमाया गया

Written by sabrang india | Published on: June 9, 2026
सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित वीडियो में कुछ लोगों को दोनों युवकों के पैर पकड़कर उन्हें खेत में घसीटते हुए देखा जा सकता है।


साभार : द न्यू इंडियन एक्सप्रेस (फाइल फोटो)

पंजाब के झारोड़ गांव में शनिवार को भीड़ ने दो दलित युवकों पर हमला किया, उन्हें अर्धनग्न अवस्था में घुमाया और हाथ बांधकर खेत में घसीटा। भीड़ ने उन पर मोबाइल फोन छीनने का आरोप लगाया था।

पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक कथित तौर पर नशे के आदी थे और उन्होंने एक प्रवासी मजदूर का मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की थी। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और बांधकर उनकी पिटाई की।

सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित वीडियो में कुछ लोगों को दोनों युवकों के पैर पकड़कर उन्हें घसीटते हुए देखा जा सकता है।

आरोपियों में से एक की मां ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनके बेटे ने क्या किया था, लेकिन उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

उन्होंने कहा कि यदि उनके बेटे ने कोई अपराध किया था, तो उसे पुलिस के हवाले कर देना चाहिए था।

मलोट के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) जसपाल सिंह ने बताया कि वीडियो के माध्यम से घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने बताया कि दोनों में से एक के खिलाफ पहले भी 200 नशीली गोलियों से जुड़े मामले में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।

अधिकारियों के अनुसार, दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, जिसमें उनके शरीर पर कुंद वस्तुओं से लगी चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट और पीड़ितों के बयानों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने यह भी बताया कि मोबाइल फोन छीनने के आरोप में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने इस घटना का स्वतः संज्ञान लिया है और मामले में मुक्तसर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से 9 जून तक रिपोर्ट मांगी है।

ज्ञात हो कि एक सप्ताह पहले उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक व्यक्ति को कथित तौर पर एक दलित लड़की को पेड़ से बांधकर पीटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस के अनुसार, यह घटना देवरिया जिले के एक गांव में हुई थी, जहां आरोपी ने कथित तौर पर लड़की को अपनी दुकान से चोरी करते हुए पकड़ा था।

डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। बताया गया कि यह घटना तरकुलवा थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव की है।

पुलिस के मुताबिक, किराने की दुकान चलाने वाले आरोपी हरिकेश गुप्ता ने 14 वर्षीय एक लड़की को चोरी के संदेह में पकड़ लिया था।

लड़की के परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गुप्ता ने पहले लड़की को बाल पकड़कर पूरे गांव में घसीटा और बाद में उसे अपने घर के बाहर स्थित एक नीम के पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई की।

इस घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया था, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया।

पुलिस ने बताया कि उन्हें 31 मई को आपातकालीन हेल्पलाइन 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की को सुरक्षित छुड़ाया।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित लड़की अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय से संबंध रखती है।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

सर्किल ऑफिसर सुनील कुमार रेड्डी ने बताया कि पुलिस ने मामले का संज्ञान तब लिया, जब उन्हें सूचना मिली कि एक दुकानदार चोरी के शक में एक लड़की से जबरन पूछताछ कर रहा था। उन्होंने कहा, "आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।"

Related

UP: 'चोरी' के आरोप में दलित लड़की को पेड़ से बांधकर पीटा गया; वाराणसी में नाबालिग दलित छात्रा का अपहरण कर रेप

दलित किशोरी का अपहरण कर गैंगरेप; UP के प्रतापगढ़ में मुठभेड़ के बाद एक आरोपी गिरफ्तार

बाकी ख़बरें