प्रियंका गांधी ने साधा निशाना- उत्तर प्रदेश सरकार को किसानों की याद केवल विज्ञापनों में आती है

Written by Sabrangindia Staff | Published on: October 10, 2019
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला जारी है। आज उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को किसानों की याद केवल विज्ञापनों में आती है। इससे पहले खबर आई थी कि उत्तर प्रदेश के महोबा और हमीरपुर में कर्ज तले दबे दो किसानों ने आत्महत्या कर ली। इसी खबर की पृष्ठभूमि में कांग्रेस महासचिव ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला है।



प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों को परेशान करने के कई तरीके ईजाद किए हैं। कर्जमाफी के नाम पर धोखा किया। बिजली बिल के नाम पर उनको जेल में डाला।’ उन्होंने राज्य सरकार पर बाढ़ और बारिश के कारण बरबाद हुई फसल का मुआवजा न देने का आरोप भी लगाया। प्रियंका गांधी ने लिखा, ‘बाढ़-बारिश से बरबाद फसल का कोई मुआवजा नहीं मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार को किसान की याद केवल विज्ञापन में आती है।’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने तीन दिन पहले भी इस मुद्दे को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा था। बदायूं में पुलिस हिरासत में एक किसान की मौत की खबर के बाद उन्होंने ट्वीट किया था कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पहले बिजली के दाम बढ़ाए और अब बिल वसूली के नाम पर किसानों को जेल में डाल कर प्रताड़ित किया जा रहा है।

बाकी ख़बरें