बापू के पुतले को गोली मार, गोडसे का महिमामंडन करने वाली पूजा शकुन पांडेय गिरफ्तार

Written by sabrang india | Published on: February 6, 2019
नोएडा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुतले पर प्रतीकात्मक रूप से गोली चलाकर गोडसे का महिमामंडन करने वाली अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव पूजा शकुन पांडेय और उनके पति अशोक पांडेय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों की दिल्ली से नोएडा में प्रवेश करते समय गिरफ्तार किया गया। आज उन्हें अलीगढ़ लाया जाएगा। 

बता दें कि महात्मा गांधी के पुतले पर गोली मारकर राष्ट्रपिता का अपमान करने के मामले में मंगलवार को पूजा शकुन पांडेय और उसके पति के समर्पण की तारीख नियत थी। मगर दिन में उनके अधिवक्ता ने अदालत में समर्पण के लिए समय मांग लिया, जिसके बाद समर्पण के लिए 8 फरवरी तारीख नियत हो गई। इधर, समर्पण की खबर पर पुलिस अलर्ट थी और लगातार लोकेशन ट्रेस की जा रही थी। इसी बीच सटीक सूचना पर मंगलवार देर शाम दिल्ली से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

महात्मा गांधी की हत्या के दिन 30 जनवरी को कुछ हिंदुत्ववादी संगठन शौर्य दिवस के रूप में मनाते हैं। इस साल अखिल भारत हिंदू महासभा के बी दास कंपाउंड नौरंगाबाद अलीगढ़ स्थित कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुतले को गोली मारने व पुतला दहन का कार्यक्रम किया गया था। इसकी जानकारी पर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए पूजा शकुन व अशोक पांडेय सहित 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था। इनमें से सात लोग अब तक गिरफ्तार हो चुके हैं। बाकी पूजा शकुन व अशोक पांडेय सहित चार की तलाश  चल रही थी। 

इसी बीच पूजा शकुन व अशोक की ओर से अदालत में सरेंडर याचिका दायर की गई थी, जिस पर आज मंगलवार की तारीख नियत थी। सरेंडर की खबर पर पुलिस ने मुखबिरों का जाल बिछाते हुए सर्विलांस की भी मदद ली। पुलिस सूत्रों के अनुसार लगातार उनकी लोकेशन अंबाला व चंडीगढ़ में मिल रही थी। इसी सटीक सूचना पर एक टीम आज शाम को ही दिल्ली पहुंची और देर शाम टीम ने दिल्ली से नोएडा में प्रवेश करते समय एक चौराहे पर इन्हें सफेद रंग की वैगन आर कार में घेर लिया। 

साथ था महानगर अध्यक्ष, नहीं था एक रुपया
इस घटना के बाद से ही इनके साथ घूम रहे हिंदू महासभा के महानगर अध्यक्ष आदर्श पंडित ने अमर उजाला से फोन पर हुई बातचीत में जानकारी दी है कि वह उस घटना के बाद से ही इन दोनों के साथ था। अब तक वह हरियाणा में रहे। गिरफ्तारी के समय हम गुड़गांव से नोएडा आ रहे थे। दिल्ली से नोएडा में प्रवेश कर रहे थे। वह नोएडा में किराये पर कमरा लेकर रहने के इरादे से आ रहे थे। मगर तभी हाईवे पर उन्हें पुलिस वाहन ने करीब 12 किमी पीछा कर जाम में घेर लिया और रुकते ही उन दोनों को पुलिस गाड़ी सहित अपने साथ ले गई। उसके पास किराये तक को पैसे न थे। बाद में उसने अपने दोस्त से पेटीएम से कुछ रुपये मंगाए, जिनकी मदद से वह अब अलीगढ़ आ रहा है।

बाकी ख़बरें