बाढ़ से डूबे पटना में हर जगह नजर आते हैं पप्पू यादव, गिरिराज सिंह से बोले- आओ हिंदुओं को बचाएं

Written by sabrang india | Published on: October 3, 2019
पटना. बिहार की राजधानी पटना में बीते दिनों हुए भारी बारिश के कारण बुरी तरह जनजीवन प्रभावित है। बारिश के बाद हुए बाढ़ जैसे हालात ने नीतीश कुमार और भाजपा राज के कथित सुशासन की पोल खोल दी है। सरकार की तरफ से कहा जा रहा है कि नदियों की वजह से बाढ़ है वहीं, स्थानीय लोगों व पूर्व सांसद और जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष पप्पू यादव इसे भ्रष्टाचार का मामला बता रहे हैं। 



बारिश के बाद जहां उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी रेस्क्यू कर बाहर लाए जाने के बाद से सुर्खियों में हैं वहीं नीतीश कुमार इसे नदियों की वजह से आई बाढ़ बताकर पत्रकारों पर झल्ला रहे हैं। इस सबसे इतर पप्पू यादव बाढ़ग्रस्त लोगों तक मदद पहुंचा रहे हैं। वे कभी ट्रैक्टर में राहत सामिग्री, दूध, खाना और पानी बांटते नजर आते हैं तो कभी अपने परिचित डॉक्टरों को मदद के लिए बुलाते नजर आते हैं। 

पप्पू यादव ने मंगलवार को पटना के कई इलाकों में बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत अभियान चलाया। उन्होंने पटना के बाजार समिति, राजेंद्र नगर, कंकड़बाग में फंसे लोगों के बीच जाकर दूध, खाना और दवा का वितरण किया। पटना में पानी करीब गर्दन तक भरा है। ऐसे में पप्पू यादव किसी मसीहा की तरह काम करते नजर आ रहे हैं। 


वीडियो साभार- सिवान न्यूज

पत्रकारों से बात करते हुए पप्पू यादव ने बताया कि प्रशासनिक लापरवाही की वजह से पटना नर्क बन गया है। बाढ़ में फंसे लोगों को राहत सामग्री पहुंचाने में सरकारी महकमा विफल साबित हो रहा है। जाप कार्यकर्ता अपने स्तर पर लोगों को राहत सामग्री पहुंचाने में जुटे हैं। जरूरतमंद लोगों को उनकी पार्टी की तरफ से आर्थिक मदद की जा रही है।

पीड़ितों की मदद के लिए निकले पप्पू ने केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता गिरिराज सिंह को इसी दौरान बड़ा ऑफर दे डाला। उन्‍होंने मोदी के मंत्री से अपील की है कि वह पटना में आपदा झेल रहे लोगों की मदद के लिए आगे आएं।

पप्पू यादव ने गिरिराज सिंह से कहा है कि पटना में न कोई रोहिंग्या है और न ही बांग्लादेशी। पटना में बाढ़ से प्रभावित ज्यादातर आबादी हिंदुओं की है लिहाजा आपको मदद के लिए आगे आना चाहिए।

पप्पू यादव ने गिरिराज सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि आप सच्चे देशभक्त हैं और सब कुछ मजहब की नजर से देखते हैं। पटना में पीड़ित हिंदुओं की तादाद ज्यादा है। अगर आप चाहे तो हम दोनों साथ मिलकर लोगों तक राहत पहुंचा सकते हैं।

बाकी ख़बरें