लोकसभा चुनाव 2019: कहीं VVPAT खराब तो कहीं EVM में गड़बड़ी, कई जगह देरी से शुरू हुआ मतदान

Written by sabrang india | Published on: April 18, 2019
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 95 सीटों के लिए आज वोटिंग जारी है। देशभर के 12 राज्यों में मतदाताओं की बूथ पर लंबी लाईनें देखी जा रही हैं। सुबह से ही मतदाताओं में जोश है और वे अपने पसंदीदा उम्मीदवार को वोट देने के लिए आए हैं।

लेकिन, इन सबके बीच कुछ जगहों पर ईवीएम में खराबी ने उनके उत्साह पर थोड़ा खलल डाला है। तो वहीं कुछ जगहों पर ईवीएम में खराबी होने के चलते कई बूथ पर वोटिंग देर से शुरु हुई। ओडिशा में बोलांगिर संसदीय क्षेत्र के बूथ नंबर 261 और 263 पर इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) मे गड़बड़ी के चलते मतदान रोकना पड़ा था। हालांकि, बाद में दोबारा चालू हो गया।

मथुरा में देर से शुरु हुआ मतदान
मथुरा के बाजना के मतदान स्थल 5 की ईवीएम में गड़बड़ी होने से मतदान काफी देर से शुरू हुआ। यहां पर सुबह से ही वोटरों की लंबी लाइन लगी हुई थी। वहीं नंदगांव के बूथ संख्या 214, 215, 216 पर आधा घंटा देरी से मतदान शुरू हुआ। बूथ संख्या 214 पर एजेंट न पहुंचने के चलते मतदान प्रारंभ होने में देरी हुई। 215 व 216 पर भी ईवीएम की खराबी के चलते हुई देरी। सेक्टर मजिस्ट्रेट ने यहां पर ईवीएम बदलवाई।

अलीगढ़ में रोकनी पड़ी वोटिंग
अलीगढ़ के दादों के निनामाई गांव में ईवीएम में खराबी होने के चलते मतदान रोकना पड़ा था। जबकि, हाथरस के विकास खंड के गांव बघना में ईवीएम फेल होने की खबर आई। तो वहीं, मथुरा के बाजना के गांव खानपुर में 1 घंटा की देरी से चालू हुआ मतदान। नंदगांव के बूथ संख्या 216 में एक घण्टे से ज्यादा देरी के बाद मतदान शुरू हुआ। दूसरी ईवीएम भी खराब के कारण कई अधिकारी मौंके पर पहुंचे।

उधर, नंदगांव में बूथ 215 पर पौन घण्टे इंतज़ार के बाद वोटिंग शुरू न होने पर दंपति बिना वोट किए वापस अपने घर लौट आए। जबकि, अनूपशहर विधानसभा के गन्दा में बूथ नंबर 36 की ईवीएम में भी खराबी की खबर आई।

फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट कई जगह ईवीएम में गड़बड़ी
फतेहपुर सीकरी के मोहल्ला नयाबांस स्थित बूथ संख्या 54 में ईवीएम खराब होने से मतदान रोक दिया गया। वहीं इरादतनगर के गांव शेरपुर में ईवीएम खराब होने के कारण मतदान सुबह आठ बजे तक शुरू नहीं हो सका था।

देशभर के कई मतदान केन्द्रों में देर से शुरू हुई वोटिंग
पश्चिम बंगाल के राईगंज संसदीय सीट पर ईवीएम सुचारू ढंग से काम नहीं करने के चलते उत्तर दिनाजपुर के बूथ नंबर 29/134 हिन्दी एफपी स्कूल ऑफ उत्तर दिनाजपुर में वोटिंग करीब आठ बजे तक शुरू नहीं हो पाई।

असम में भी ईवीएम में आई खराबी
असम के सिलचर में मतदान केन्द्र पर वीवीपैट मशीन ठीक से काम नहीं करने का मामला सामने आया। बाद में उसे सुधारा गया।

बाकी ख़बरें