कर्नाटक में भी हिंदू मुस्लिम कर रहे हिमंत बिस्वा सरमा, कहा- हमें बाबरी नहीं चाहिए...

Written by sabrang india | Published on: March 15, 2023


कर्नाटक में चुनाव होने हैं, इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को कैंपेनर के तौर पर राज्य में उतारा है। अपने सांप्रदायिक विभाजनकारी बयानों के लिए मशहूर सरमा ने मंगलवार को राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अपने सांप्रदायिक विभाजनकारी एजेंडे को जारी रखा। 

कर्नाटक के कनकगिरी में एक 'विजय संकल्प' रैली में हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, हमें यहां बाबरी मस्जिद नहीं चाहिए, हमें राम जन्मभूमि चाहिए। सरमा ने कहा कि हमने भगवान राम और हनुमान का कई बार उल्लेख किया और पीएम मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे बीजेपी को कर्नाटक की सत्ता में बरकरार रखें।

सरमा का वीडियो यहां देख सकते हैं:



असम सीएम ने इस दौरान राहुल गांधी के लंदन में दिए गए बयान को लेकर भी हमला बोला। असम सीएम ने कहा जब तक मोदी जी हैं, राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे। कर्नाटक के कनगिरी में बीजेपी की विजय संकल्प यात्रा में हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। 
 
हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी भारत को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। वो यहीं पर नहीं चुप हुए उन्होंने हमला जारी रखते हुए आगे कहा कि राहुल गांधी ने लंदन में बयानबाजी कर देश को बदनाम करने की कोशिश की है। सरमा ने आगे कहा, "जब तक मोदी जी हैं, आप कभी पीएम नहीं बन पाएंगे।" सरमा ने आगे कहा, "राहुल गांधी ने विदेशी धरती पर भारत की संसद को अपमानित किया जबकि मोदी जी जहां भी जाते हैं, मातृभूमि की तारीफ करते हैं।"

सरमा ने सोमवार को कोप्पल जिले में प्रसिद्ध लिंगायत मठ का दौरा किया। सीएम हेमंता बिस्वा सरमा कोप्पल में विजय संकल्प रथ यात्रा में भाग लेने के लिए कर्नाटक आए हुए हैं। उन्होंने प्रसिद्ध स्थानीय गवी सिद्धेश्वर मठ का दौरा किया और गविसिद्धेश्वर द्रष्टा का आशीर्वाद मांगा।

बता दें कि असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा अपने सांप्रदायिक, खासतौर पर मुस्लिम विरोधी बयानों के चलते सुर्खियों में रहते हैं। खुद अपने राज्य असम में भी मुस्लिम विरोधी कार्यों के लिए जाने जाते हैं। पिछले सालों में उनके कार्यकाल में कई विस्थापन ड्राइव चलाई गई हैं जिनमें बांग्लाभाषी मुस्लिमों को खासतौर पर निशाना बनाया गया है। हाल ही में उन्होंने बाल विवाह करने वालों की गिरफ्तारियों का आदेश दिया था और हजारों लोगों की गिरफ्तारी की गई थी।

Related:

बाकी ख़बरें