जामिया में गोली चलाने वाले को सम्मानित करेगा अखिल भारत हिंदू महासभा

Written by Sabrangindia Staff | Published on: January 31, 2020
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर के विरोध में दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से मार्च के दौरान पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने वाले आरोपी को हिंदू महासभा ने सम्मानित करने का फैसला किया है। 


अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, गांधी जी की शहादत दिवस को अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा 30 जनवरी को शौर्य दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान मीठे चावल की खीर का वितरण किया गया। गांधी के हत्यारे नाथूराम गोड्से और नाना आप्टे के चित्र पर माल्यार्पण कर दीपों से आरती उतारी गई। इसी दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष गजेंद्र पाल सिंह आर्य ने एलान किया कि जामिया मिल्लिया में फायरिंग करने वाले युवक गोपाल को अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा सम्मानित किया जाएगा। उसके मुकदमे की पैरवी हिंदू महासभा करेगी।

प्रदेश उपाध्यक्ष गजेंद्र पाल सिंह आर्य ने विवादित भाषण दिया। उन्होंने कहा कि मोहनदास करमचंद गांधी की नीतियों के कारण देश हिंदू राष्ट्र न होकर धर्मशाला बन गया। दिल्ली के शाहीनबाग, जामिया मिल्लिया व एएमयू में देश विभाजन की बात हो रही है। वहां पर लोग गांधी का झंडा लेकर गांधीवाद की दुहाई दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गांधी न होते तो शायद विभाजन भी नहीं होता। विभाजन धर्म के आधार पर हुआ था तो भारत हिंदू राष्ट्र होता। उन्होंने कहा कि हिंदू महासभा का प्रत्येक कार्यकर्ता गोड्से बनकर तैयार रहेगा। सचिन शर्मा, हरिशंकर, राजीव, अभिषेक गुप्ता, जितेन ठाकुर, बृजेश परमार, मनोज सैनी आदि मौजूद थे।

बता दें कि गांधी को विभाजन का जिम्मेदार मानने वाले इन हिंदुत्ववादियों के विवादित बयान औऱ कारनामे अकसर सामने आते रहे हैं। बीजेपी के सत्ता में आऩे के बाद ये और भी मुखर रूप से सामने आ रहे हैं। मुस्लिमों से नफरत ही इनकी राजनीति का आधार है। दिल्ली में चुनाव से पहले नाबालिग बताए जा रहे गोपाल द्वारा गांधी जयंती पर गोली चलाए जाने से ये संगठन गद्गद नजर आ रहे हैं। 

बाकी ख़बरें