गुजरात में BSF के जवान की पीट-पीट कर हत्या, बेटी के वीडियो का किया था विरोध!

Written by Navnish Kumar | Published on: December 27, 2022


"बीजेपी शासित राज्य गुजरात में एक सैनिक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। बीएसएफ के इस सैनिक का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपनी बेटी के अश्लील वीडियो बनाए जाने का विरोध किया था। प्रधानमंत्री मोदी के गृह राज्य की यह घटना कानून व्यवस्था की ही पोल नहीं खोलती है बल्कि बेटी बचाओ के नारे के सच को बखूबी उजागर कर दिया है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने घटना की भर्त्सना की है और मीडिया की खामोशी पर भी सवाल उठाए हैं।"

एनडीटीवी की एक खबर के अनुसार, गुजरात के नडियाद में बेटी का अश्लील वीडियो वायरल करने का विरोध करने पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सूत्रों के अनुसार मृतक शख्स शनिवार को चकलासी गांव में कथित तौर पर ऑनलाइन वीडियो पोस्ट करने वाले 15 वर्षीय लड़के के घर  गया था। जहां लड़के के परिवार वालों ने उसके ऊपर हमला कर दिया और पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी।

सूत्रों के अनुसार, लड़की उसी स्कूल की छात्रा है जिसमें लड़का पढ़ता है और दोनों के ही बीच प्रेम संबंध थे। लेकिन लड़के ने लड़की का एक अश्लील वीडियो ऑनलाइन पोस्ट किया था जिसके बाद बीएसएफ जवान अपने परिवार के साथ लड़के के परिवार से बात करने गया था। खबर के अनुसार, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है।

गुजरात में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मार डाले गए अपने सहयोगी के अंतिम संस्कार में बीएसएफ के जवान शामिल हुए। पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी में शनिवार रात बताया गया है कि जवान अपनी पत्नी, दो बेटों और भांजे के साथ किशोर के घर गया था। लेकिन उसके परिवार के सदस्यों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो लोगों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष मीडिया पर भड़कीं

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट कर, घटना की कड़ी भर्त्सना की है और मीडिया में खबर न होने को लेकर भी उन्हें आड़े हाथ लिया है। स्वाति मालीवाल ने ट्वीट किया है ...

गुजरात के एक लड़के ने BSF जवान की बेटी की अश्लील वीडियो बनाकर उसे viral किया। जवान उस लड़के के घर गया तो लड़के के परिवार ने उसकी हत्या कर दी। ये खबर चर्चा से बाहर है, न्यूज़ में नहीं है। दिन दहाड़े एक सैनिक की हत्या हम सब के गाल पर तमाचा है। गुंडों के हौसले कितने बढ़ गये हैं!



Related:
UP: सीतापुर के इंटर कॉलेज में 7 दिन में 3 छात्राओं की आत्महत्या, कथित तौर पर दबंग छात्रों से परेशान थीं छात्राएं!

बाकी ख़बरें