भाजपा ने उन्नाव रेप कांड के दोषी कुलदीप सेंगर की पत्नी को दिया जिला पंचायत सदस्य का टिकट

Written by sabrang india | Published on: April 9, 2021
उन्नाव। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच उन्नाव में भाजपा ने जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशियों के नामाों की सूची जारी कर दी है। लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इन प्रत्याशियों की सूची में भाजपा के पूर्व विधायक और रेप के मामले में सजायाफ्ता कुलदीप सेंगर की पत्नी को जिला पंचायत की टिकट दी है। 



उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने जा रहे हैं और संगीता सेंगर को उन्नाव जिले के फ़तेहपुर चौरासी तृतीय से ज़िला पंचायत सदस्य का टिकट दिया गया है। अंदरखाने की माने तो कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी को टिकट दिलाने में उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज का भी अहम योगदान बताया जा रहा है। इससे पहले साक्षी महाराज बलात्कारी सेंगर को अपना परिवार बताकर जन्मदिन की बधाइयां देते रहे हैं।

उन्नाव के बांगरमऊ से चार बार पार्टियां बदल-बदलकर विधायक रहे कुलदीप सिंह सेंगर को साल 2017 में उन्नाव के चर्चित रेप केस में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद भाजपा ने कुलदीप सिंह सेंगर को अगस्त 2019 में पार्टी से निष्काषित कर दिया था। सेंगर 2017 के बाद से जेल में सजा भुगत रहा है।
  
सेंगर को बलात्कार और अपहरण के मामले में भी दोषी करार दिया गया था। दोषी करार दिए जाने के बाद उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। अदालत ने कहा था, दोषी विधायक को अपनी बाकी बची उम्र के अंतिम सांस तक जेल में काटनी होगी। कोर्ट ने इसे एक लोकतांत्रिक पदाधिकारी का दुष्टतापूर्ण कृत्य करार दिया था। कोर्ट ने कठोर संदेश देते हुए दोषी को उम्रकैद की अधिकतम सजा सुनाने का निर्णय किया और कहा कि दोषी अपनी स्वाभाविक उम्र की अंतिम सांस तक जेल में रहेगा।

वहीं रेप सर्वाइवर के पिता की पुलिस हिरासत में हुई मौत के मामले में भी सेंगर सहित सभी दोषियों को कोर्ट ने 10 साल की सजा सुनाई थी। बताते चलें कि बांगरमऊ से विधायक सेंगर पर रेप का आरोप लगने के बाद उसने पीड़िता के परिवार के कई सदस्यों को एक-एककर मरवा दिया था। मामला अदालत में गया तब जज ने इसे जघन्य अपराध मानते हुए सेंगर को उम्रकैद की सजा दी थी। जिसकी पत्नी को अब पतित पावन पार्टी भाजपा ने टिकट से नवाजा है।

बाकी ख़बरें