प्रज्ञा ठाकुर बोलीं: गौमूत्र से मेरा कैंसर हुआ ठीक, गाय पर हाथ फेरने से ब्लड प्रेशर करती हूं कंट्रोल

Written by Sabrangindia Staff | Published on: April 23, 2019
मालेगांव बम धमाकों की आरोपी प्रज्ञा ठाकुर इन दिनों जमानत पर बाहर हैं।  जिन्हें मध्यप्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से बीजेपी ने प्रत्याशी बनाया है। प्रज्ञा ठाकुर इन दिनों अपने बयानों से सुर्खियों में है। मंगलवार को एक निजी टेलीविजन न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि गौ-धन के सेवन से उनका कैंसर ठीक हुआ है। 



 इंडिया टुडे टीवी से बातचीत के दौरान प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि गौ मूत्र से बनी दवाई खाने से उन्हें सबसे ज्यादा फायदा हुआ। रिपोर्टर ने जब साध्वी से पूछा कि आजकल देश में गाय को लेकर राजनीति क्यों हो रही है? इस पर साध्वी ने कहा कि यह बेहद तकलीफदेय है जिस तरह से देश में गौ माता के साथ व्यवहार किया जाता है। जबकि गौ धन एक अमृत है।

गाय के अन्य गुणों की जानकारी देते हुए प्रज्ञा ठाकुर आग कहा, गाय से बने उत्पादों का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसके जरिए मेरा कैंसर ठीक हुआ है। मैं एक कैंसर की मरीज थी, मैंने गौ मूत्र और पंचगव्य औषधी के सेवन से कैंसर को दूर किया। मैं इसकी प्रत्यक्ष प्रमाण हूं।

बता दें कि गाय से प्राप्त पांच गव्यों के मिश्रण को पंचगव्य कहते हैं। इसे गाय के दूध, दही, घी, गोमूत्र और गोबर के पानी से मिलकर बनाया जाता है। प्रज्ञा ठाकुर 2008 में हुए मालेगांव ब्लास्ट की आरोपी हैं और वह स्तन कैंसर की मरीज रह चुकी हैं।

इस दौरान प्रज्ञा ठाकुर ने बताया कि किस तरह गाय के ऊपर प्रतिदिन हाथ फेरने से मनुष्य का ब्लड प्रेशर (बीपी) कंट्रोल में रहता है। प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि अगर हम गाय के मुंह की ओर से पीठ की तरफ हाथ घुमाते हैं, तो उन्हें और हमें दोनों को सुख मिलता है। 

उन्होंने कहा कि वहीं, अगर हम गाय की पीठ से चेहरे की तरफ हाथ घुमाते हैं तो उन्हें तकलीफ होती है, वो खुद तकलीफ सहती हैं, लेकिन हमें सुख पहुंचाती हैं और लेकिन हमारा बीपी कंट्रोल होता है। उन्होंने दावा किया कि इसकी पुष्टि वैज्ञानिक ने खुद की है।

बता दें कि साध्वी कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ भोपाल से चुनावी मैदान में उतरी हैं। 22 अप्रैल को उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया।

बाकी ख़बरें