भारत बंद: NH 24 व 9 सहित वेस्ट यूपी NCR के सभी हाइवे जाम, हरियाणा-पंजाब में रेल यातायात भी प्रभावित

Written by Navnish Kumar | Published on: September 27, 2021
'भारत बंद' के संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान का सुबह से ही असर दिखने लगा है। किसानों ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे को गाजीपुर बॉर्डर पर जाम कर दिया है। इससे एनएच 24 और एनएच 9 सहित वेस्ट यूपी व एनसीआर के लगभग सभी हाइवे पर किसान जमा हुए और आड़ी तिरछी ट्रैक्टर ट्रॉलियों से हाइवे जाम कर दिए सिंघु बॉर्डर भी जाम कर दिया गया। सोमवार को कामकाज के पहले दिन दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर भारी जाम लग गया। कारों का रेला इतना लंबा है कि दूर तक सिर्फ कारें ही कारें दिखाई पड़ रही थीं। दिल्ली पुलिस ने ट्वीट कर ट्रैफिक को लेकर अलर्ट किया है। कहा है कि यूपी से गाजीपुर की ओर ट्रैफिक मूवमेंट फिलहाल रोक दिया गया है। गाजियाबाद पुलिस ने भी ट्रैफिक डायवर्जन को लेकर यात्रियों को अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, गाजियाबाद ही नहीं, नोएडा और मेरठ मुजफ्फरनगर सहारनपुर आदि सभी शहरों में यूपी पुलिस ने पहले ही किसानों के "भारत बंद" को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन रूट जारी किया हुआ है। 



किसान संगठनों द्वारा यह बंद सोमवार सुबह 6 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक के लिए किया गया है। ताजा जानकारी के अनुसार, किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर पर एनएच 24 व 9 को जाम कर दिया है। जहा से हैरान करने वाली बात यह भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों द्वारा आज किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के मद्देनजर जांच की वजह से यह भीड़ लगी है।उत्तर प्रदेश में संयुक्त किसान मोर्चा के द्वारा आज भारत बंद के ऐलान के चलते नोएडा के डीएनडी में भीषण जाम लग गया है। सहारनपुर मुजफ्फरनगर स्टेट हाइवे के बीच रोहाना टोल पर किसानों ने ट्रैक्टर ट्रॉलियों लगाकर हाइवे बंद कर दिया है। देहरादून हाइवे भी बंद कर दिया गया है।

उधर मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हरियाणा पंजाब में रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। हरियाणा के बहादुरगढ़ में किसान रेलवे ट्रैक पर बैठ गए हैं, जिससे रेलगाड़ियों का आवागमन प्रभावित हुआ है। सोनीपत रेलवे स्टेशन पर ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के सदस्यो ने सोनीपत से अंबाला रेलवे रूट को किया बंद। हरियाणा के कुरुक्षेत्र के शाहाबाद क्षेत्र में भी आंदोलित किसानों गुस्सा फूटा। किसानों ने बीच सड़क पर दरी बिछा दी और रास्ता रोक दिया। किसानों ने प्रदर्शन के कारण दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे जाम हो गया। प्रदर्शन के चलते यहां भी ट्रकों की लंबी लाइनें लग गईं है। हरियाणा के झज्जर में बेरी के भागलपुरी चौक पर किसानों ने जाम लगा दिया है जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।



किसानों के भारत बंद के कारण यूपी, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ट्रैफिक पर भारी जाम लगा हुआ है। लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पंजाब के बनूड़ खरड़ हाईवे पर सनेटा में किसानों ने आवाजाही रोक दी है। इसके अलावा सरकारी बस को भी रोक दी है। चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाले रास्ते पर पत्थर लगा दिए हैं। जम्मू जालंधर बाईपास और पंजाब हिमाचल सीमा स्थित डमटाल में बड़े-बड़े ट्राले खड़े कर नेशनल हाईवे जाम कर दिया गया है। किसानों ने दिल्ली-जम्मू रेल मार्ग के पठानकोट रेलवे कैंट स्टेशन के पास रेलवे क्रॉसिंग के बीचो-बीच ट्रैक्टर खड़े कर दिए हैं। रेलवे अधिकारी किसानों को मनाने में लगे हैं लेकिन किसान अपनी जिद पर अड़े हैं। वही उत्तराखंड में भी रुद्रपुर में किसानों ने जुलूस निकाला। कर्नाटक में किसानों के विभिन्न संगठनों ने कलबुर्गी सेंट्रल बस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।  



उधर, बिहार में राजद, कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों के कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए हैं। आंदोलनकारी यातायात को बाधित करवा रहे हैं। पटना, वैशाली, आरा, दरभंगा, अरवल, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल समेत कई जिलों महगठबंधन के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। हाईवे पर टायर जलाकर आगजनी की। 



कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर समर्थन किया है। किसानों के भारत बंद पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि किसानों का अहिंसक सत्याग्रह आज भी अखंड है। लेकिन शोषण-कार सरकार को ये नहीं पसंद है, इसलिए आज भारत बंद है।  

Related:
किसान आंदोलन के 10 माह पूरे, 'भारत बंद' से पहले सहमे योगी ने चला गन्ना मूल्य में बढ़ोत्तरी का दांव
किसान महापंचायत में योगी-मोदी भगाओ के साथ गूंजा अल्लाह-हू अकबर, हर हर महादेव, कहा- ये तोड़ेंगे हम जोड़ेंगे

बाकी ख़बरें