भारत बंद: दिल्ली से पंजाब तक रेल की पटरियों पर किसानों का कब्जा, गाजीपुर-टिकरी बॉर्डर जाम

Written by Sabrangindia Staff | Published on: March 26, 2021
नई दिल्ली। तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों ने आज भारत बंद का आयोजन किया है। इस बीच सुबह से ही प्रदर्शनकारियों के जुटने और जाम लगाने के चलते दिल्ली-यूपी को जोड़ने का गाजीपुर बॉर्डर बंद हो गया है। इसके अलावा दिल्ली-हरियाणा सीमा पर स्थित सिंघु बॉर्डर भी जाम है। गाजीपुर बॉर्डर पर किसान होली के गीत गाते और नाचते नजर आए। वहीं किसानों ने दिल्ली-अमृतसर रेल रूट पर भी जाम कर दिया है।



देश के कई हिस्सों में भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है, लेकिन सबसे ज्यादा प्रभाव दिल्ली के आसपास के इलाकों और हरियाणा-पंजाब में ही दिखा है। किसान संगठनों ने चुनावी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में बंद से अलग रखा है। संयुक्त किसान मोर्चा के अनुसार, देशव्यापी बंद सुबह 6 बजे शुरू हुआ और यह शाम 6 बजे तक लागू रहेगा।  

किसानों और भारत सरकार के बीच अब तक कृषि कानूनों को लेकर 11 राउंड की बातचीत हो चुकी है, लेकिन गतिरोध नहीं टूटा है। संसद ने बीते साल मॉनसून सत्र के दौरान तीन नए कृषि कानूनों को मंजूरी दी थी। किसान संगठनों के नेताओं ने ऐलान किया है कि वे हरियाणा के सभी स्टेट और नेशनल हाईवेज को बंद कराएंगे और दुकानदारों से भी शटर डाउन करने की अपील करेंगे। 

दिल्ली, हरियाणा से लेकर पंजाब तक किसान आंदोलनकारियों ने 31 स्थानों पर रेलवे ट्रैक्स को जाम कर दिया है। इसके चलते दिल्ली, अंबाला और फिरोजपुर रेलवे मंडल में ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। रेलवे ने भारत बंद को देखते हुए 4 शताब्दी ट्रेनों का संचालन रद्द कर दिया है।

संयुक्त किसान मोर्चा की अपील पर सुबह 6 से शाम 6 बजे तक क्या होगा
-सभी दुकानें, मॉल और संस्थान बंद रहेंगे
- सड़कें और ट्रेनें जाम की जाएगी
- आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी सेवाएं बंद रहेंगी

मुख्य मांगें
- तीन कृषि कानूनों को रद्द करो
- एमएसपी व खरीद पर कानून बने
- किसानों पर किए सभी पुलिस केस रद्द करो
- बिजली बिल और पराली बिल वापस करो
- डीजल, पेट्रोल और गैस की कीमतें कम करो

 

बाकी ख़बरें