योगी के कथित रामराज में बेखौफ बदमाश, महिला पुलिसकर्मी पर तेजाब फेंका

Written by sabrang india | Published on: April 4, 2019
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वोटों की राजनीति करने में व्यस्त हैं वहीं उनकी नाक के नीचे बदमाश बेखौफ हैं। यूपी के मथुरा में गुरुवार को कुछ बदमाशों द्वारा एक महिला पुलिसकर्मी पर तेजाब फेंकने का मामला सामने आया है। एसिड अटैक करने वालों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पायी है। पुलिस के मुताबिक हमले के बाद महिला का 40 फीसदी शरीर बुरी तरह से झुलस गया है।महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है।

मथुरा के दामोदरपुरा में नीलम नाम की एक 25 वर्षीय महिला पुलिसकर्मी पर कुछ बदमाशों ने तेजाब से हमला किया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर बुरी तरह से झुलसी महिला पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया है, जहां उसकी हालत काफी गंभीर बनी हुई है।

उत्तर प्रदेश में दिन दहाड़े इस तरह की घटनाओं से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिले में एसिड अटैक की घटना से साफ जाहिर होता है कि प्रदेश में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। महिला पुलिसकर्मी की हालत ज्यादा गंभीर होने की वजह से उसे मथुरा अस्पताल से आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है।

पुलिस की जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 5 बजे भगवान कृष्ण की जन्मभूमि में तैनात महिला कांस्टेबल नीलम ड्यूटी खत्म करके वापस दामोदरपुरा इलाके में स्थित अपने घर जा रही थी। उसी दौरान कुछ बदमाश नीलम के ऊपर तेजाब फेंक कर भाग गए।
 

बाकी ख़बरें