चुनावी रैली में दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल पर हमला, AAP ने भाजपा पर लगाया आरोप

Written by Sabrangindia Staff | Published on: May 4, 2019
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर शनिवार को एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। केजरीवाल मोती नगर में लोकसभा चुनावों के लिए रोड शो कर रहे थे। आरोपी को हिरासत में लिया गया है।



जानकारी के मुताबिक केजरीवाल आज नई दिल्ली लोकसभा सीट के करमपुरा इलाके में रोड शो कर चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाल टी शर्ट पहना एक शख्स गाड़ी पर चढ़ गया और उसने केजरीवाल को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद समर्थकों ने आरोपी शख्स को समर्थकों ने पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान 33 वर्षीय सुरेश के रूप में हुई है जो कैलाश पार्क का निवासी है और स्पेयर पार्ट का काम करता है।  वहीं इस मामले पर आम आदमी पार्टी के नेता दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।

सिसोदिया ने अपने ट्वीटर हैंडल पर लिखा कि क्या मोदी और अमित शाह अब केजरीवाल की हत्या करवाना चाहते हैं? 5 साल सारी ताक़त लगाकर जिसका मनोबल नहीं तोड़ सके, चुनाव में नहीं हरा सके..अब उसे रास्ते से इस तरह हटाना चाहते हो कायरो! ये केजरीवाल ही तुम्हारा काल है।

आप नेता संजय सिंह ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि अरविंद की सुरक्षा में बार-बार चूक क्या मोदी सरकार केजरीवाल पर किसी बड़े हमले का इंतज़ार कर रही है? या फिर कोई बड़ी साज़िश है? 

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और दिल्ली के चांदनी चौक सीट से उम्मीदवार पंकज गुप्ता ने कहा कि मैं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर हमले की कड़ी निंदा करता हूं। वह एक लोकतांत्रिक रूप से चुने गए मुख्यमंत्री हैं जो अपने कार्यालय की सभी गरिमा और सुरक्षा के हकदार हैं। सत्ताधारी दल दिल्ली की जनता के बीच उनकी लोकप्रियता से क्यों डरता है?

वहीं आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा में एक और लापरवाही। केजरीवाल पर रोड शो के दौरान हमला हुआ। हमने इस कायरतापूर्ण कृत्य की निंदा की। यह विपक्षी प्रायोजित हमला दिल्ली में आम आदमी को नहीं रोक सकता।

आप नेता अतिशी मारलेना ने अपने ट्वीट में लिखा, केजरीवाल पर आज का हमला उन स्तरों का सूचक है जिनसे भाजपा रूक सकती है। 2015 के दिल्ली चुनाव से पहले उन्होंने भी यही किया। 2015 में आप ने 67/70 सीटें जीतीं और भाजपा के इन हमलों से यह सुनिश्चित होगा कि आप को दिल्ली में 7/7 सीटें मिलेंगी।

बाकी ख़बरें