MP: किसानों पर भाजपा सांसद की विवादित टिप्पणी, बोले- किसान साल में तीन महीने काम करते हैं, बाक़ी समय शराब पीते और ताश खेलने में बिताते हैं

Written by sabrang india | Published on: November 13, 2026
मध्य प्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने हाल ही में किसानों को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि आज का किसान साल में केवल तीन महीने काम करता है, जबकि बाकी नौ महीने ताश खेलने, राजश्री खाने, शराब पीने और ‘जय भोले’ करने में बिताता है। उनके इस बयान की किसान संगठनों और कांग्रेस नेताओं ने कड़ी आलोचना की थी। साथ ही, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भी उठी। विवाद बढ़ने के बाद मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांग ली।


भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा. (फोटो साभार: X/ @Janardan_BJP)

मध्य प्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा एक कार्यक्रम के दौरान किसानों को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी के कारण चर्चा में हैं। उन्होंने कहा कि देश के किसान साल में महज तीन महीने काम करते हैं, जबकि शेष नौ महीने शराब पीने और ताश खेलने में गुजार देते हैं।

सोमवार 9 नवंबर को मऊगंज में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान की गई उनकी इस कथित टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। भाजपा सांसद के इस बयान की विभिन्न वर्गों की ओर से कड़ी आलोचना की जा रही है।

द वायर ने लिखा, कार्यक्रम के बताए जा रहे एक वीडियो में मिश्रा को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘आज का किसान तीन महीने काम करता है, जबकि बाकी नौ महीने ताश खेलता है, राजश्री (गुटखा) खाता है, बोतल (शराब) पीता है, चोंगा पीता है और ‘जय भोले’ करता है।’

मिश्रा की इस टिप्पणी की किसान संगठनों और कांग्रेस ने आलोचना की है।

‘पिछड़ी हुई मानसिकता और बेशर्मी की पराकाष्ठा’

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, नेशनल किसान मजदूर महासंघ (एनकेएमएम) ने भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा से उनकी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। वहीं, कुछ किसानों ने मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर पुलिस का रुख किया है।

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा सांसद की टिप्पणी के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा ने मंगलवार को रीवा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपा। मोर्चा ने ज्ञापन के जरिए जनार्दन मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

किसान संगठन ने यह भी घोषणा की है कि वे राष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष के पास जाकर मिश्रा की लोकसभा सदस्यता रद्द करने की मांग करेंगे।

एनकेएमएम के मऊगंज जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने कृषि कार्यों और किसानों की मेहनत को लेकर भाजपा सांसद की टिप्पणी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसान सालभर खेती-किसानी के काम में जुटे रहते हैं। बुवाई, निराई-गुड़ाई, सिंचाई और फसल कटाई के अलावा उन्हें अगली फसल की तैयारी भी करनी पड़ती है। ऐसे में किसानों के साल में केवल तीन महीने काम करने का मिश्रा का दावा वास्तविकता से परे है।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, सिंह ने किसानों के सामने आने वाली दूसरी चुनौतियों का भी जिक्र किया। इनमें आवारा मवेशियों से फसलों की रक्षा करना और खाद तथा बीजों की व्यवस्था करना शामिल है।

कांग्रेस नेता राहुल राज ने भाजपा सांसद की टिप्पणी की आलोचना करते हुए इसे ‘पिछड़ी हुई मानसिकता और बेशर्मी की पराकाष्ठा’ बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कोई जनप्रतिनिधि किसानों के प्रति इस तरह की टिप्पणी कैसे कर सकता है।

अखबार ने भाजपा के कुछ अज्ञात सूत्रों हवाले से बताया है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इस टिप्पणी को लेकर मिश्रा को फटकार लगाई है।

बुधवार को जनार्दन मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि कार्यक्रम में उनका उद्देश्य किसानों की समस्याओं पर चर्चा करना था और वे उनकी चुनौतियों से भली-भांति परिचित हैं। मिश्रा ने दावा किया कि उनके बयान के वीडियो को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया, जिससे उनके कहने का आशय गलत तरीके से सामने आया।

मिश्रा ने कहा, ‘मैं भी एक किसान परिवार से हूं. मैं खेती की कठिनाइयों, किसानों की समस्याओं और उनकी जरूरतों से अच्छी तरह परिचित हूं. मुझे यह भी पता है कि किसानों को अधिक समृद्ध कैसे बनाया जा सकता है. मैं उनके पारिवारिक मुद्दों और आर्थिक परेशानियों को समझता हूं, और यह भी जानता हूं कि गांवों में बेहतर माहौल कैसे बनाया जा सकता है.’

उन्होंने आगे कहा, “यदि मेरे बयान या भाषण को तोड़-मरोड़कर पेश किए जाने के कारण किसी किसान भाई की भावनाएं आहत हुई हैं, तो मैं इसके लिए माफी मांगता हूं। मेरा किसी का अपमान करने या किसी किसान को मानसिक रूप से ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था।”

मिश्रा की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब 2027 में कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले किसानों के अधिकारों और उनकी समस्याओं को लेकर चर्चा एक बार फिर तेज हो रही है।

ज्ञात हो कि यह पहली बार नहीं है जब 70 वर्षीय सांसद ने अपने बयानों से विवाद खड़ा किया हो। अगस्त में रीवा हवाई अड्डे पर नई उड़ान सेवाओं के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, मिश्रा ने एथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों पर निशाना साधा था।

मिश्रा ने कहा था, “एथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वाले लोग केवल शुद्ध पेट्रोल की मांग कर रहे हैं। लेकिन जब देश में शुद्ध पेट्रोल उपलब्ध ही नहीं है, तो इसकी आपूर्ति कहां से होगी? क्या यह उनके घर से आएगा?”
मिश्रा ने अपने तर्क के समर्थन में कहा कि भारत अपनी कुल जरूरत का केवल 20 फीसदी कच्चा तेल ही घरेलू स्तर पर उत्पादित करता है, जबकि शेष 80 फीसदी के लिए उसे दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता है। उन्होंने कहा, “दुनिया में जारी युद्ध जैसे हालात के चलते तेल की आपूर्ति करने वाले जहाजों को अब 18,000 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। ऐसे में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेट्रोल में 20 फीसदी इथेनॉल मिलाने की बात करते हैं, तो कुछ लोग इसका विरोध करने लगते हैं।”

वर्ष 2022 में रीवा जिले में जल संरक्षण को लेकर एक अजीबोगरीब बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि नदी, नाले, तालाब सब सूख गए हैं, जलस्तर कम हो गया है, पानी तब बचेगा जब पैसा लगाओ… चाहे कितनी फ़िज़ूलख़र्ची करो… हमें आपत्ति नहीं है, लेकिन जल कर चुकाओ।

उन्होंने आगे कहा था कि चाहे दारू पियो, गुटखा खाओ, आयोडेक्स खाओ और चाहे थिनर सूंघो, लेकिन पानी के लिए टैक्स देना पड़ेगा। सभी खर्चों में कटौती करके सभी को जल कर देना चाहिए।

वर्ष 2019 में भी मिश्रा अपने एक विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में आए थे। उस समय उन्होंने एक आईएएस अधिकारी पर अवैध कॉलोनियों में रहने वाले लोगों से रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। एक सार्वजनिक मंच से उन्होंने कहा था कि यदि नगर निगम आयुक्त लोगों से पैसे मांगने आएं, तो उन्हें बुलाया जाए। उन्होंने धमकी भरे लहजे में कहा था, “मैं आऊंगा और गड्ढा खोदकर उन्हें जिंदा गाड़ दूंगा।”

Related

क्या ECI का 6 नवंबर का संदेश ASSD सूची में फिर से नाम शामिल करने के मामले में पीछे हटने का संकेत है?

SIR: ECI ने "फॉर्म 6 घोषणा" को हटा दिया, लेकिन इस प्रक्रिया की वैधता पर गंभीर सवाल अभी भी कायम

बाकी ख़बरें