तमिलनाडु में दलित युवक का शव मिला, परिवार ने जातिगत हत्या का आरोप लगाया

Written by sabrang india | Published on: April 30, 2026
बताया जाता है कि दलित युवक और दूसरी जाति की एक युवती के बीच प्रेम संबंध थे और उन्होंने नवंबर 2025 में घर से भागने की कोशिश की थी। बाद में उन्हें तंजावुर में ढूंढ़ निकाला गया, जिसके बाद दोनों परिवारों को कीरानूर पुलिस स्टेशन में एक शांति बैठक के लिए बुलाया गया।


साभार: टीएनएम

तमिलनाडु के पुदुकोट्टई जिले में एक खदान झील के पास 20 साल के एक दलित युवक का शव मिला। उसके परिवार का आरोप है कि उसकी हत्या इसलिए की गई क्योंकि उसका संबंध पिछड़े वर्ग की एक युवती से था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि यह मामला आत्महत्या के लिए उकसाने का है और इसकी जांच चल रही है।

द न्यूज मिनट की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक आर. हरिहरन परैयार समुदाय (अनुसूचित जाति) से ताल्लुक रखता था और उसने हाल ही में त्रिची के एक निजी कॉलेज से ग्रेजुएशन किया था। वह तिरुमलैरायपुरम के पास नाडुपट्टी गांव का रहने वाला था और 21 अप्रैल से लापता था।

उसकी मां विजयलक्ष्मी के अनुसार, हरिहरन उस दिन दोपहर करीब 1:30 बजे घर से निकला था। टाइम्स ऑफ इंडिया को उन्होंने बताया, "मैंने उसे दोपहर करीब 3 बजे फोन किया, लेकिन उसका फोन कुछ मिनट तक बजता रहा और फिर 3:16 बजे बंद हो गया। वह कभी भी मेरा फोन नजरअंदाज नहीं करता था और न ही अपना फोन बंद करता था।"

जब वह अपनी रोज़ की जगहों पर नहीं मिला, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

23 अप्रैल की शाम को बकरियां चराने वाले एक व्यक्ति ने खदान झील के पास एक शव देखा और अधिकारियों को इसकी सूचना दी। पुलिस और दमकल कर्मियों ने शव को बरामद किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए पुदुकोट्टई सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। सड़ी-गली हालत में मिले शव की पहचान बाद में हरिहरन के रूप में हुई।

उसके परिवार ने शक जाहिर करते हुए उसकी मौत को विश्वकर्मा समुदाय (पिछड़ा वर्ग) की 19 साल की एक युवती के साथ उसके पिछले संबंधों से जोड़ा है।

दोनों एक-दूसरे से कुछ ही मीटर की दूरी पर रहते थे और कथित तौर पर प्रेम संबंध में थे। उन्होंने नवंबर 2025 में घर से भागने की कोशिश भी की थी, लेकिन बाद में उन्हें तंजावुर में ढूंढ़ लिया गया। इसके बाद दोनों परिवारों को कीरानूर पुलिस स्टेशन में एक शांति बैठक के लिए बुलाया गया।

विजयलक्ष्मी ने आरोप लगाया कि इन बातचीत के दौरान युवती के परिवार वालों ने जाति के आधार पर उसके बेटे के साथ गाली-गलौज की और उसे धमकाया। उन्होंने कहा, "उन्होंने हमें चेतावनी दी कि हमें इसके बुरे नतीजे भुगतने पड़ेंगे। एक समय तो उन्होंने अपनी बेटी को वापस लेने से भी मना कर दिया था और पुलिस को उन्हें मनाना पड़ा था।"

वेल्लानुर पुलिस के अनुसार, बाद में उस युवती को कॉलेज जाने से रोक दिया गया और उसके परिवार ने अपने समुदाय के भीतर ही उसके लिए शादी का रिश्ता ढूंढ़ना शुरू कर दिया। विजयलक्ष्मी ने आगे आरोप लगाया कि कुछ महीनों बाद युवती के भाई ने हरिहरन को धमकी दी कि अगर उसने यह रिश्ता जारी रखा, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

21 अप्रैल को, जिस दिन हरिहरन लापता हुआ था, बताया जाता है कि युवती ने एक पड़ोसी से कहा था कि उसकी शादी होने वाली है और उसने पड़ोसी से यह संदेश हरिहरन तक पहुंचाने के लिए कहा था।

पुलिस ने बताया कि बाद में उसने हरिहरन से संपर्क किया और उससे कहा कि वह उसे अपने साथ ले जाए, क्योंकि उसके माता-पिता उसकी शादी की तैयारी कर रहे थे। कथित तौर पर उसने मदद के लिए हरिहरन के एक दोस्त से भी संपर्क किया था। द न्यूज मिनट को पुलिस ने बताया, "अपनी शादी के बारे में पता चलने के बाद हरिहरन ने आत्महत्या कर ली।"

शुरुआत में इस मामले को 'संदिग्ध मौत' के तौर पर दर्ज किया गया था, लेकिन 25 अप्रैल को इसे बदलकर 'आत्महत्या के लिए उकसाने' का मामला बना दिया गया।

महिला (19), उसके पिता राजेंद्रन (50), उसके बड़े भाई शनमुगा सुंदरम (26) और उसके छोटे भाई (17) के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(va) के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

हरिहरन के परिवार ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पाई गई विसंगतियों को लेकर भी चिंता जताई है। विजयलक्ष्मी ने आरोप लगाया, "जिन रिश्तेदारों ने शव देखा, उन्होंने उसके सिर और पैरों पर चोट के निशान देखे थे, लेकिन रिपोर्ट में सिर्फ एक चोट का जिक्र है।" उन्होंने इस मामले की पूरी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

हालांकि, पुलिस ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ऐसी किसी भी चोट का जिक्र नहीं है।

शुरुआत में परिवार ने शव लेने से इनकार कर दिया था और विरोध प्रदर्शन किया था। उनकी मांग थी कि इस मामले को 'हत्या' का मामला माना जाए। पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद, पांच दिन बाद परिवार ने शव स्वीकार कर लिया और अपने पैतृक गांव में उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

इस मामले की जांच फिलहाल पुदुकोट्टई शहर के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) कर रहे हैं।

बता दें कि बीते साल नवंबर में गुजरात के नारोल में एक 60 वर्षीय दलित व्यक्ति की कथित तौर पर उसकी बहू के परिवार ने अंतरजातीय विवाह के बाद हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया।

मृतक की पहचान भाईलाल वाघेला के रूप में हुई है, जो एक सफाई कर्मचारी था और सनी वाघेला का पिता था। सनी ने हाल ही में एक ऊंची जाति की महिला से शादी की थी, जिससे दुल्हन का परिवार नाराज था।

गुरुवार, 30 अक्टूबर की दोपहर जब सनी का बड़ा भाई अपने माता-पिता को उस्मानपुरा मेट्रो स्टेशन के पास सफाई के काम के लिए छोड़ने गया, तो दुल्हन के परिवार ने दंपति पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। द ऑब्ज़र्वर पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने उन्हें बेरहमी से पीटने से पहले जातिसूचक गालियां दीं।

कुछ यात्रियों ने बीच-बचाव कर घायल दंपति को बचाया। जब वे घर लौटे, तो वाघेला को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। उन्हें मणिनगर के एल.जी. अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Related

MP: दलित दूल्हे के मंदिर में प्रवेश करने पर सामाजिक बहिष्कार, 11 हजार रुपये का जुर्माना

मानवाधिकार आयोग की भूमिका पर हाईकोर्ट सख्त, "मुस्लिमों पर हमले व लिंचिंग का संज्ञान क्यों नहीं"

बाकी ख़बरें