ओडिशा : पुरी में दलित छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, राज्य सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Written by sabrang india | Published on: September 18, 2025
फोटो और वीडियो डिलीट करने के बदले पैसों की मांग की गई थी, और इनकार करने पर पीड़िता के साथ दरिंदगी की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को आंध्र प्रदेश की सीमा से गिरफ्तार किया है। इस घटना को लेकर विपक्ष ने राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।



ओडिशा के पुरी में समुद्र तट के पास एक दलित कॉलेज छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है, जिसने पूरे राज्य को हिला दिया है। पुलिस ने इस घिनौनी वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है।

द मूकनायक की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह शर्मनाक घटना शनिवार दोपहर की है। 19 वर्षीय पीड़िता अपने पुरुष मित्र के साथ बालिहारचंडी मंदिर के पास कैसुरिना के जंगल में बैठी हुई थी। तभी कुछ युवकों का एक समूह वहां पहुंचा और दोनों की तस्वीरें व वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपियों ने उन तस्वीरों और वीडियो को डिलीट करने के बदले पैसों की मांग की।

जब युवती ने पैसे देने से इनकार किया, तो समूह के दो युवकों ने उसके साथ रेप किया। इस दौरान अन्य आरोपियों ने पीड़िता के दोस्त के साथ मारपीट की और उसे एक पेड़ से बांध दिया।

यह घटना शनिवार को हुई, लेकिन इसकी शिकायत सोमवार शाम पुरी सदर पुलिस थाने में दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। एसपी प्रतीक सिंह ने बताया कि अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य रूप से सिबा साहू और मनोज साहू उर्फ कालिया शामिल हैं, जिन पर बलात्कार का आरोप है। एसपी ने बताया, "कालिया को ओडिशा-आंध्र प्रदेश की सीमा से पकड़ा गया।"

उन्होंने आगे कहा, "दोनों मुख्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक तीसरे आरोपी को पीड़िता और उसके मित्र के साथ मारपीट करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। वहीं, चौथे आरोपी की तलाश जारी है, जिसने पीड़िता के साथ मारपीट की थी।"

इस घटना के बाद राज्य की राजनीति में भी हलचल मच गई है। क्षेत्र के पूर्व विधायक और बीजद के वरिष्ठ नेता संजय दास बर्मा ने भाजपा नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर हमला बोला। उनका कहना है कि सरकार को बालिहारचंडी मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना चाहिए, क्योंकि यह इलाका एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में जाना जाता है।

यह उल्लेखनीय है कि पुरी विश्व प्रसिद्ध तीर्थ और पर्यटन स्थल है। यहां स्थित 12वीं सदी का जगन्नाथ मंदिर हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। यही नहीं, भगवान जगन्नाथ की प्रसिद्ध रथयात्रा भी यहीं से शुरू होती है।

यह पहली बार नहीं है जब ओडिशा में ऐसी शर्मनाक घटना सामने आई हो। हाल ही में, 15 जून को गंजम जिले के प्रसिद्ध गोपालपुर समुद्र तट पर अपने प्रेमी के साथ घूमने गई एक कॉलेज छात्रा के साथ भी सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। उस मामले में पुलिस ने दस आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

 

बाकी ख़बरें