भाजपा के दबंग नेता पर बलात्कार का आरोप

Written by Mahendra Narayan Singh Yadav | Published on: September 15, 2018
राजस्थान में एक और भाजपा नेता पर बलात्कार का आरोप लगा है। इस दबंग भाजपा नेता का नाम संतोष भारती है जो जालोर जिले में भाजपा विधि प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष है।

एक युवती ने आहोर थाने में संतोष भारती और उसके दो साथियों के खिलाफ बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

rape-case

(Courtesy: Free Press Journal)

हालांकि पुलिस ने अब तक भाजपा नेता को गिरफ्तार नहीं किया है, लेकिन इस बीच एफआईआर की कॉपी सोशल मीडिया वायरल हो गई। इससे पीड़िता की पहचान भी जाहिर हो गई है। 

अब पुलिस बलात्कार के मामले के साथ-साथ एफआईआर वायरल करने के मामले की भी जांच कर रही है।

दैनिक भास्कर की खबर के अनुसार एक युवती ने पिछले दिनों आईजी राघवेंद्र सुहास से मिलकर बलात्कार के मामले की शिकायत की थी, जिसके बाद आईजी के आदेश पर आहोर पुलिस ने मामला दर्ज किया। 

रिपोर्ट में आरोप है कि 6 जून, 2018 की रात 9 बजे पीड़ित युवती माधोपुरा जाने के लिए चरली गांव में बस स्टैंड पर खड़ी थी, तभी चरली गांव के दिनेश भारती गोस्वामी ने उसे कार से माधोपुरा छोड़ देने की बात कही।

युवती उसके विश्वास में कार में बैठ गई लेकिन दिनेश उसे माधोपुरा के बजाय उसे कार में लेकर भाजपा नेता और वकील संतोष भारती के घर ले गया। 

संतोष भारती के घर पर दिनेश ने युवती को डरा-धमका कर उसके साथ दुष्कर्म किया और मोबाइल में उसका अश्लील वीडियो बनाया। इसके बाद दिनेश उसे संतोष भारती के पास छोड़कर चला गया तो संतोष भारती ने भी उसके साथ बलात्कार किया। 

कुछ घंटे बाद दिनेश भारती फिर से संतोष भारती के घर आया और उसने फिर से युवती के साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बनाया। 

बाद में दोनों ने परिवार वालों को वीडियो दिखाने की धमकी देकर जबरदस्ती एक स्टाम्प पर उससे शादी के कागज तैयार करवाए और लिव इन रिलेशनशिप में रहने के कागज भी तैयार कराए। 

युवती ने कहा है कि दिनेश भारती और संतोष भारती अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसके साथ पिछले तीन माह से देह शोषण कर रहे हैं।

आरोपी संतोष भारती भाजपा विधि प्रकोष्ठ का जालोर जिलाध्यक्ष है। वह पिछले छह महीनों से विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष पद पर कार्यरत है। हाल ही में वह नोटेरी पब्लिक भी बना है। 
 

बाकी ख़बरें