राजस्थान: गौरव यात्रा का विरोध करने वालों पर कार्रवाई

Written by Mahendra Narayan Singh Yadav | Published on: August 27, 2018
राजस्थान में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की गौरव यात्रा का विरोध करने वाले लोगों की धरपकड़ शुरू कर दी गई है। दैनिक भास्कर के अनुसार वीडियोग्राफी के आधार पर पुलिस अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पीपाड़ में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 10 को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और 5 से पूछताछ जारी है।

ओसियां में भी हिरासत में लिए गए 2 लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

rajasthan-bjp
(courtesy: IndianExpress)

शनिवार को जोधपुर में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का भारी विरोध हुआ था और पथराव की घटना भी हुई थी।

भाजपा इस पथराव के लिए कांग्रेस को दोषी ठहरा रही है, लेकिन कांग्रेस का कहना है कि भाजपा ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, और जब वे वादे पूरे नहीं हुए और सरकार का कार्यकाल भी पूरा होने को आ गया तो लोगों का गुस्सा फूट रहा है।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी इसे कांग्रेस का हथकंडा बता रहे हैं और इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को दोषी ठहरा रहे हैं। उधर अशोक गहलोत ने इन आरोपों को भाजपा का राजनीतिक स्टंट बताया है।

नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अशोक गहलोत का कहना है कि आईजी पुलिस ने कहा है कि कोई पत्थरबाजी नहीं हुई है। मीटिंग शांतिपूर्ण हुई। जिन लोगों ने नारेबाजी की या काले झंडे दिखाए वे भाजपा के ही लोग थे। गहलोत ने कहा कि पीपाड़ में 7 दिन तक धरना और भूख हड़ताल हुई। उसके गुस्से में लोगों ने नारेबाजी की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने भी भाजपा नेताओं के कांग्रेस पर दोषारोपण किये जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे भाजपा सरकार की ओछी सोच बताया है। सचिन पायलट ने कहा कि मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान अप्रिय घटना घटी जो निंदनी है, परंतु इसका मतलब यह नहीं है कि सच्चाई को नजरअंदाज कर भाजपा के नेता उक्त घटना के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बताएं।

बाकी ख़बरें