मोदी सरकार का ‘यू-टर्न’, जेटली बोले- किसानों के कर्ज माफ नहीं करेगी केंद्र सरकार

Published on: March 24, 2017
उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) की सरकार बनने के बाद किसानों से चुनावी वादा पूरा करने के दबाव के बीच केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि यह कदम राज्य को अपने संसाधनों के हिसाब से ही उठाना होगा। केंद्र सरकार इस मामले में राज्य सरकार को मदद नहीं कर सकती है।
 
फोटो: The Indian Express
 
केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार(23 मार्च) को केंद्र सरकार की ओर से किसानों के कर्ज माफ किए जाने की बात से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कर्ज माफ नहीं करेगी, लेकिन राज्य सरकारें अपने संसाधनों के जरिए इस दिशा में प्रयास कर सकती हैं।

यूपी में किसानों की कर्ज माफी के मामले पर राज्यसभा में बजट पर चर्चा के जवाब के बाद समाजवादी पार्टी के नरेश अग्रवाल ने जेटली से जानना चाहा कि कर्ज कौन माफ करेगा? केंद्र सरकार या राज्य सरकार? उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी ने किसानों के कर्ज माफ करने का वादा किया था। मंत्रिमंडल की पहली बैठक में ही निर्णय लेने की बात कही थी। कुछ अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी इस संदर्भ में केंद्र सरकार से संपर्क किया है। इसलिए केंद्र इस बारे में स्थिति स्पष्ट करे।
 
अग्रवाल के सवाल पर वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार राज्यों को किसानों से जुड़ी योजनाओं, सब्सिडी आदि के लिए धनराशि प्रदान करती है। उत्तर प्रदेश समेत सभी राज्यों को यह मदद दी जाती रहेगी, लेकिन जहां तक किसानों की कर्ज माफी की बात है तो यह कदम राज्य को अपने संसाधनों के हिसाब से ही उठाना होगा। केंद्र के लिए यह संभव नहीं है कि वह एक राज्य के किसानों का कर्ज माफ करे और दूसरे राज्यों का नहीं। या एक राज्य को कर्ज माफी के लिए सहायता दे, दूसरे राज्यों को नहीं।

आपको बता दें कि यूपी में बीजेपी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में किसानों की कर्जमाफी का वादा किया है। साथ ही केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा था कि यूपी में चुनाव प्रचार के दौरान किए गए वादे पर अमल करते हुए सूबे के छोटे और सीमांत किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे।
 
इसके अलावा खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उत्तर प्रदेश चुनाव में किसानों के कर्ज माफ करने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि योगी कैबिनेट की पहली बैठक में किसानों का कर्ज माफ कर देने पर फैसला लिया जाएगा। कांग्रेस ने भी देश भर के किसानों के कर्ज माफ किए जाने की मांग की है।

Courtesy: Janta Ka Reporter
 

बाकी ख़बरें