अजमेर में जमकर पिटी वसुंधरा राजे की पुलिस

Written by Mahendra Narayan Singh Yadav | Published on: September 4, 2018
अजमेर में जमकर पिटी वसुंधरा राजे की पुलिस राजस्थान में पुलिस का इकबाल इस कदर खत्म हो गया है कि चोरी के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने गई पुलिस की आरोपियों ने जमकर पिटाई कर दी।

पिटने वालों में राजस्थान की पुलिस के साथ-साथ मुंबई से आई पुलिस की टीम भी शामिल रही।

rajasthan-police-got-beaten-up
(Courtesy: Patrika.com)

पत्रिका के मुताबिक घटना अजमेर के मदनगंज-किशनगढ़ की है जहां गांधीनगर थाने की पुलिस मुंबई से आई पुलिस के साथ कुचील गांव गई थी। कुचील में ही आरोपियों ने मिलकर पुलिस की जमकर धुनाई की और घंटे भर से ज्यादा तक बंधक बनाए रखा। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल भेजकर बंधक पुलिसकर्मियों को छुड़ाया गया। जब अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो बंधक बने पुलिसकर्मियों की पिटाई की जा रही थी।

मुंबई के देवनार थाने के पुलिस सब इंस्पेक्टर प्रवीण भास्कर ने बताया कि देवनार थाना क्षेत्र में बकरों की मंडी में 20 अगस्त को अजमेर के कायड़ निवासी फोजू और कुचील के मंजूर अली अपने बकरे बेचने गए थे, जहां पर फोजू खां की जेब में रखे आठ लाख दस हजार रुपए चोरी हो गए। उसने मंजूर अली पर चोरी का आरोप लगाया लेकिन मंजूर अली भाग निकला।

इसी मामले में मुंबई पुलिस मंजूर अली को गिरफ्तार करने के लिए गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित कुचील आई थी, लेकिन वहां पुलिस की ही पिटाई हो गई। जब मुंबई पुलिस का एक कांस्टेबल पिटाई का वीडियो बनाने लगा तो उसका मोबाइल भी छीन लिया गया तथा उसे और ज्यादा पीटा गया।

बाद में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, लेकिन चोरी का मुख्य आरोपी मंजूर भाग निकला। पुलिस ने मौके से 11 मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।

बाकी ख़बरें