यूपी : घर से दलित युवती का अपहरण, चंद्रशेखर आजाद ने सख्त कार्रवाई की मांग की

Written by sabrang india | Published on: May 2, 2026
घर में घुसकर दलित युवती के अपहरण के आरोप में परवेज का नाम सामने आया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने इसे साझा करते हुए योगी सरकार से मामले में तुरंत और सख्त कार्रवाई की मांग की है।



आगरा जनपद से बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के गौतम नगर में एक दलित युवती को घर में घुसकर जबरन अगवा कर लिया गया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने सख्त नाराजगी जताई है।

सांसद चंद्रशेखर आजाद ने गुरुवार सुबह अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर इस घटना का वीडियो साझा करते हुए यूपी पुलिस और सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इस कृत्य को अत्यंत शर्मनाक, दंडनीय और चिंताजनक करार देते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।

द मूकनायक की रिपोर्ट के अनुसार, यह पूरी घटना मंगलवार, 28 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। आरोपी परवेज उस वक्त जबरन घर में घुस गया, जब वहां केवल बेटियां ही मौजूद थीं। उसने बड़ी बेटी पर शादी का दबाव बनाया और इनकार करने पर उसे बेरहमी से घसीटना शुरू कर दिया। छोटी बहन ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आरोपी युवती को जबरन घर से बाहर खींचकर अपने साथ ले गया।

पीड़िता की मां के अनुसार, आरोपी परवेज पिछले एक साल से उनकी बेटी को लगातार परेशान कर रहा था। वह रास्ते में आते-जाते उससे छेड़छाड़ करता था और शादी के लिए दबाव बनाता था। मंगलवार को दिन में ही आरोपी अपनी मां के साथ युवती के घर पहुंचा और शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे परिवार ने साफ तौर पर ठुकरा दिया। इसके बाद, कथित तौर पर बौखलाहट में उसने रात के अंधेरे में इस वारदात को अंजाम दिया।

चंद्रशेखर आजाद ने इस घटना को दलित समाज की बेटियों की सुरक्षा पर गंभीर प्रहार बताया है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि महिलाओं की इच्छा और सम्मान को इस तरह कुचलना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता।

अपनी पोस्ट में यूपी सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टैग करते हुए आजाद ने कड़े शब्दों में न्याय की मांग की है। उन्होंने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त धाराओं के तहत, एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत तत्काल मुकदमा दर्ज करने की अपील की है। साथ ही, पीड़िता और उसके परिवार को तुरंत पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

सांसद ने इस पूरे मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है, ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके। आजाद ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि ऐसे गंभीर मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे। उन्होंने समाज और प्रशासन से एकजुट होकर ऐसी घटनाओं के खिलाफ सख्त संदेश देने की अपील की है।

Related

तमिलनाडु में दलित युवक का शव मिला, परिवार ने जातिगत हत्या का आरोप लगाया

बाकी ख़बरें