उन्नाव गैंगरेप पीड़िता बोली: कुलदीप सिंह सेंगर ने ही करवाया था मेरा एक्सीडेंट

Written by Sabrang India Staff | Published on: September 6, 2019
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में बीते महीने उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की कार एक्सीडेंट हो गई थी। यह खबर मीडिया में काफी दिनों तक सुर्खियों में रही। अब पीड़िता का कहना है कि यह कुलदीप सिंह सेंगर की साजिश थी। अंग्रेजी समाचार पत्र  'द टाइम्स ऑफ इंडिया' से बातचीत में उसने कहा, ‘कुलदीप सिंह सेंगर ने ही रायबरेली हाइवे पर हुए एक्सीडेंट में मुझे मारने की साजिश रची थी। इस बात पर कोई शक नहीं है।’



उसका यह भी कहना था कि एक्सीडेंट से पहले उसे कुलदीप सिंह सेंगर का एक गुर्गा उन्नाव कोर्ट परिसर में आकर जान से मारने की धमकी देता था। इससे पहले पीड़िता की मां ने भी यही आरोप लगाए थे।

पीड़िता फिलहाल दिल्ली के एम्स में भर्ती है और उसकी हालत स्थिर है। पिछले दिनों ही उसने सीबीआई के सामने अपना बयान दर्ज कराया है। यह हादसा बीते जुलाई में हुआ था और इसमें पीड़िता के दो रिश्तेदारों की मौत हो गई थी। बलात्कार के मामले में भी मुख्य आरोपित कुलदीप सिंह सेंगर ही हैं। उस मामले की जांच भी सीबीआई कर रही है। सुप्रीम कोर्ट ने उसे अपनी जांच छह महीने में पूरी करने का आदेश दिया है। फिलहाल कुलदीप सिंह सेंगर जेल में हैं। मामले पर विवाद होने के बाद भाजपा ने उन्हें निकाल दिया था। उन्होंने इन सब आरोपों से इनकार किया है।

बाकी ख़बरें