सीरियल हेट ऑफेंडर गिरिराज सिंह ने देवबंद को बताया आतंकवाद की गंगोत्री

Written by Sabrangindia Staff | Published on: February 12, 2020
सहारनपुर. चुनावी सीजन के लिए बीजेपी के कुछ रणबांकुरे सिर्फ नफरत भरी जुबान ही बोलते नजर आते हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में तो बीजेपी आलाकमान से लेकर स्थानीय नेताओं तक ने सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के लिए अपने भाषणों के जरिए नफरत फैलाने के तमाम प्रयास कर लिए। परवेश वर्मा, अमित शाह, पीएम मोदी, अनुराग ठाकुर आदि नेताओं की हेट लिस्ट में एक और जाना पहचाना नाम है गिरिराज सिंह। अपने भाषणों में हमेशा मुस्लिमों के प्रति नफरत पैदा करने वाली बेफिजूल बातें कहने वाले गिरिराज सिंह ने अब यूपी के देवबंद को लेकर बयान दिया है।



दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह मंगलवार को उत्तरप्रदेश के सहारनपुर पहुंचे। यहां उन्होंने देवबंद में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा, 'देवबंद आतंकवाद की गंगोत्री है। दुनिया में आतंकवाद की घटनाओं का जुड़ाव देवबंद से ही रहा है। दुनिया में जितने भी आतंकवादी हुए हैं, या आतंकी घटनाएं हो चुकी हैं उनके तार कहीं न कहीं देवबंद से जुड़े रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा, 'देवबंद से आतंकवाद को हमेशा समर्थन मिला है। आतंकवादी भी यहां आकर रुके हैं, चाहे हाफिज सईद का मामला हो या अन्य घटनाएं। हिंदुस्तान को पाकिस्तान का डर नहीं है, लेकिन देश के गद्दारों से खतरा है।' गिरिराज यहां जनसंख्या समाधान फाउंडेशन एवं हिंदू जागरण मंच की ओर से जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग और सीएए के समर्थन में आयोजित सम्मेलन में शामिल होने के पहुंचे थे।

गिरिराज ने कहा कि सीएए के विरोध में शाहीन बाग समेत देशभर में चल रहे आंदोलन देश के खिलाफ हैं। वहां एक वर्ग के लोगों की संख्या ज्यादा है। यह विरोध देश की संसद के कानून के खिलाफ अराजकता और देश की खिलाफत है। असम को भारत से काटकर इस्लामिक स्टेट बनाने की बात कही जा रही है। आतंकवादियों के समर्थन में नारे लगते हैं। छात्रों के दिल-दिमाग में जहर घोलने का काम किया जा रहा है और विपक्ष उनका समर्थन कर रहा है। वहीं दिल्ली चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार पर उन्होंने कहा कि हम जनता को जगा नहीं पाए।

 

बाकी ख़बरें