विस चुनाव: एग्जिट पोल के नतीजों ने बढ़ाया सस्पेंस, जानिए किस राज्य में किसकी बनती नजर आ रही सरकार

Written by Navnish Kumar | Published on: December 1, 2023
पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों को लेकर आए एग्जिट पोल के नतीजों ने सस्पेंस और बढ़ा दिया है। एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक दो राज्यों की तस्वीर लगभग स्पष्ट है तो दो में विरोधाभाषी उलझन है। जी हां, राजस्थान में दो को छोड़ कर ज्यादातर चैनल भाजपा को और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को जीत दिला रहे हैं। हालांकि राजस्थान में कांग्रेस और छत्तीसगढ़ में भाजपा पिछड़ने के बावजूद अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। जबकि, मध्य प्रदेश में पिछली बार की ही तरह भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर है। तेलंगाना के एग्जिट पोल में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी होती दिख रही है लेकिन सत्तारूढ़ बीआरएस के साथ कांटे की टक्कर है। मिजोरम में त्रिशंकु विधानसभा की उम्मीद है। 



कुल मिलाकर राजस्थान और मध्यप्रदेश को लेकर सस्पेंस ज्यादा है। पांच राज्यों के चुनाव में भी हर बार की तरह, सभी एग्जिट पोल के अपने अनुमान हैं, कुछ ने किसी एक पार्टी को प्रचंड जीत दिला दी है तो कुछ ने करारी शिकस्त लेकिन अगर मोटा-मोटा समझा जाए तो ट्रेंड तो हर राज्य को लेकर साफ हुआ है। अगर एग्जिट पोल ही एग्जैक्ट पोल साबित होते हैं तो उस स्थिति में राजस्थान में रिवाज बदलेगा, एमपी में शिवराज चलेगा और छत्तीसगढ़ में बघेल की लोकप्रियता पर मुहर लगेगी। तेलंगाना में कांग्रेस का उभार केसीआर की नींद उड़ाएगा तो मिजोरम में ZPM, MNF के सपने तोड़ सकता है।

तेलंगाना में मतदान खत्म होने के बाद गुरुवार शाम को आए एग्जिट पोल में मध्य प्रदेश में ज्यादातर चैनल कांटे की टक्कर दिखा रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, जी न्यूज- सीएनएक्स ने भाजपा को 118-130 सीट मिलने की भविष्यवाणी की है तो जन की बात ने 110-123, रिपब्लिक-पी मार्क ने 118-130 और इंडिया टीवी ने 116 सीटें भाजपा को दी हैं। न्यूज 24 और टुडेज चाणक्य ने भाजपा को 151 सीटें दी हैं। दूसरी ओर दैनिक भास्कर ने कांग्रेस को 105-120 सीट मिलने का अनुमान जताया है। टीवी 9-पोल स्टार्ट ने कांग्रेस को 111-121 और इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने 111-121 सीटें दी हैं। जन की बात ने 102 से 125 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। राज्य में 230 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 116 सीट का है।

जहां तक राजस्थान की बात है तो दो को छोड़ कर लगभग सभी एग्जिट पोल में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल रहा है। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया और इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने कांग्रेस को भाजपा से ज्यादा सीट मिलने की भविष्यवाणी की है। इंडिया टुडे के मुताबिक कांग्रेस को 86 से 106 सीटें मिल सकती हैं, जबकि इंडिया टीवी के मुताबिक 94-104 सीट कांग्रेस को मिल सकती है। इंडिया टुडे के मुताबिक भाजपा को 80 से 100 और इंडिया टीवी के मुताबिक 80-90 सीट मिल सकती है। जन की बात ने भाजपा को 100 से 122, टाइम्स नाऊ-ईटीजी ने 110-128 और टीवी 9-पोल स्टार्ट ने 100 से 110 सीटों का अनुमान जताया है। इसके मुताबिक कांग्रेस को 90 से 100 सौ सीट मिल सकती है। टाइम्स नाऊ-ईटीजी ने कांग्रेस को 56-72, जन की बात ने 62-85 सीटें दी हैं। राज्य में 200 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 101 का है।

छत्तीसगढ़ को लेकर सभी एग्जिट पोल में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बन रही है और बहुमत हासिल कर रही है। हालांकि सबने भाजपा के साथ नजदीकी मुकाबला बताया है। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने कांग्रेस को 40-50 सीट मिलने का अनुमान जताया है। न्यूज 24-टुडेज चाणक्य ने 57, जन की बात ने 42-53, एबीपी-सी वोटर्स ने 41-53, टीवी 9-पोल स्टार्ट ने 40-50, रिपब्लिक-पी मार्क ने 44-52 और इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने 46-56 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। भाजपा को सबसे ज्यादा 36-48 सीट की भविष्यवाणी एबीपी ने की है, जबकि इंडिया टुडे ने 36 से 46 सीट मिलने का अनुमान जताया है। इंडिया टीवी ने 30-40 सीट का अनुमान जताया है। राज्य की विधानसभा 90 सीट की है और बहुमत का आंकड़ा 46 का है।

दक्षिण भारत के एकमात्र राज्य तेलंगाना में चार बड़े मीडिया समूहों के एग्जिट पोल में कांग्रेस की सरकार बनती दिख रही है। इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने 63-79 सीट मिलने का अनुमान जताया है। रिपब्लिक टीवी ने 58-68, टीवी 9 ने 49-59 और जन की बात ने 48-64 सीट मिलने का अनुमान जताया है। चार में से दो सर्वेक्षणों में बीआरएस कांटे की टक्कर दे रही है। राज्य में 119 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 59 सीटों का है। 

अब अगर यही एग्जिट पोल, एगजेक्ट पोल हो जाए तो तय है कि राजस्थान में रिवाज बदलेगा, एमपी में शिवराज चलेगा और छत्तीसगढ़ में बघेल की लोकप्रियता पर मुहर लगेगी। तेलंगाना में कांग्रेस का उभार केसीआर की नींद उड़ाएगा तो मिजोरम में ZPM, MNF के सपने तोड़ सकता है।

राजस्थान में गहलोत तुड़वाएंगे रिवाज?

बात अगर राजस्थान चुनाव की हो तो यहां पर रिवाज टूटता दिखाई दे रहा है। जिस राज्य में हर पांच साल बाद सत्ता परिवर्तन हो जाता है, वहां पर इस बार एक ही पार्टी की फिर सरकार बनती नजर आ रही है। अगर एग्जिट पोल के अनुमानों को माना जाए तो राजस्थान में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है और अगर नतीजे ज्यादा ही अच्छे आए तो एक बार फिर सरकार बनाने में कामयाब हो सकती है।

यहां एक्सिस माइ इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक चुनाव में बीजेपी को 80 से 100 सीटें मिल सकती हैं, वहीं कांग्रेस के खाते में 86 से 106 सीटें जा सकती हैं। टुडेज चाणक्य की बात करें तो उसमें भी बीजेपी को सिर्फ 89 तो कांग्रेस को 101 सीटें तक दी जा रही हैं। एक्सिस का एग्जिट पोल तो बताता है कि बीजेपी ने जरूर महिला सुरक्षा का मुद्दा राजस्थान में उठाया, लेकिन फिर भी महिला वोटरों ने ही कांग्रेस को ज्यादा पसंद किया है, चार फीसदी के करीब ज्यादा वोट पार्टी को मिले हैं। इसके अलावा बीकानेर, शेखावटी, ढूंढार जैसे क्षेत्रों में कांग्रेस ने बीजेपी के सामने एक मजबूत बढ़त बनाई है। उस बढ़त ने ही कांग्रेस को जीत के करीब लाया है।

अब माना जा रहा है कि अगर एग्जिट पोल के अनुमान सही निकल गए ये अशोक गहलोत के लिए सबसे बड़ा सियासी बूस्टर साबित होने वाला है। पार्टी ने कहने को कोई सीएम फेस घोषित नहीं किया, लेकिन उन्हीं के चेहरे पर कई वोटरों ने अपना वोट कांग्रेस को दिया है। इसके ऊपर पार्टी के अंदर जो गहलोत को पिछले कुछ सालों से विरोध झेलना पड़ रहा है, फिर चाहे वो सचिन पायलट के साथ चल रहे मनमुटाव की वजह से ही क्यों ना हो, ये एक जीत उनके सियासी करियर को नया पंख दे सकती है।

एमपी में बीजेपी की आंधी कैसे?

मध्य प्रदेश में इस बार बड़ा उलटफेर होता दिख रहा है। करीब 18 सालों तक सत्ता में रहने के बाद भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी सरकार के खिलाफ कोई एंटी इनकमबेंसी नहीं देखने को मिल रही है। दो सबसे विश्वसनीय एग्जिट पोल चाणक्य और एक्सिस के अनुमानों को ही अगर सही माना जाए तो एमपी में बीजेपी की सिर्फ सरकार नहीं बनने वाली है, बल्कि कहना चाहिए कि प्रचंड बहुमत के साथ फिर जनता का आशीर्वाद मिलने जा रहा है।

इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, मध्य प्रदेश में बीजेपी को 140-160 सीटें मिलती हुई नजर आ रही हैं, जबकि कांग्रेस को 68-90 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। टुडेज चाणक्या का एग्जिट पोल भी मध्य प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनवा रहा है। इसके पोल के मुताबिक, बीजेपी को 151 ( -12), कांग्रेस को 74 ( -12) को सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य के खाते में 5 (-4) सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।

अब बीजेपी को मिल रही इस प्रचंड जीत के कई कारण भी माने जा रहे हैं। खुद शिवराज सिंह चौहान एक बहुत बड़ा फैक्टर हैं क्योंकि उन्हीं के चेहरे पर महिला वोटरों ने बढ़ चढ़कर बीजेपी को वोट किया है। जानकार मान रहे हैं कि इस चुनाव में लाडली बहना योजना पूरी तरह गेमचेंजर साबित हुई है और अकाउंट में सीधे मिल रहे पैसों ने पार्टी के पक्ष में तगड़ी हवा बनाने का काम किया है। इसके ऊपर सिंधिया फैक्टर ने इस बार बीजेपी के पक्ष में हवा बनाने का काम किया है। चंबल इलाके में बीजेपी शानदार प्रदर्शन कर सकती है। 

अब अगर एग्जिट पोल सही निकले तो बीजेपी के साथ-साथ शिवराज सिंह चौहान के लिए भी ये प्रचंड जीत एक संजीवनी साबित होने वाली है। असल में इस चुनाव में शिवराज सिंह चौहान ने जमीन पर काफी मेहनत की है, जानकार तो बताते हैं कि एक आम कार्यकर्ता की तरह उन्होंने खुद जगह-जगह रैलियां की हैं, जनता से संपर्क साधा है। बीजेपी के सीएम फेस घोषित ना किए जाने के बावजूद भी उन्होंने लगातार पार्टी के लिए भी वोट मांगे हैं। ऐसे में अगर सत्ता में फिर वापसी होती है तो इस बार 'मामा' को कोई भी नजरअंदाज नहीं कर पाएगा।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस बचाएगी किला?

छत्तीसगढ़ के चुनाव में एक बार फिर कांग्रेस दमदार प्रदर्शन करती दिख रही है। कुछ एग्जिट पोल्स में जरूर काटे की टक्कर बताई गई है, लेकिन फिर भी बीजेपी की तुलना में कांग्रेस को हर किसी ने बेहतर स्थिति में बताया है। ये बेहतर स्थिति भूपेश बघेल की गर्वनेंस और उनकी कई योजनाओं की वजह से मानी जा रही है। एक्सिस माइ इंडिया के मुताबिक इस चुनाव में बीजेपी को 36-46 सीटें और कांग्रेस को 40-50 सीटें मिल सकती हैं। इसी तरह टुडेज चाणक्य की बात करें तो बीजेपी को 33 सीटें और कांग्रेस को 57 सीटें मिलने का अनुमान है।

तेलंगाना में कांग्रेस देगी सरप्राइज?

तेलंगाना चुनाव में भी एग्जिट पोल के अनुमान ने कांग्रेस को गद-गद करने का काम कर दिया है। जिस राज्य में पिछले 10 सालों से बीआएस का राज है, वहां पर कांग्रेस एक दमदार वापसी कर सकती है। न्यूज-24 टुडेज चाणक्या के एग्जिट पोल के अनुसार, तेलंगाना में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाती नजर आ रही है। यहां कांग्रेस को 71, बीआरएस को 33, बीजेपी को 7, अन्य के खाते में 8 सीटें, जबकि AIMIM को एक भी सीट नहीं मिल रही है। इसी तरह रिपब्लिक टीवी- मैट्राइज (Matrize) के एग्जिट पोल के मुताबिक, दक्षिण राज्य तेलंगाना में कांग्रेस को सबसे ज्यादा 58-68 सीटें मिलने की संभावना है। वहीं बीआरएस को 46-56, बीजेपी को 4-9, AIMIM को 5-7 से सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि अन्य के खाते में 0-1 सीट जाने की उम्मीद है।

कांग्रेस के लिए क्या काम कर गया?

अब अगर ये असल नतीजे निकलते हैं तो केसीआर की नींद उड़ना तय है। जिस राज्य में वे अपनी किसानों को लेकर योजनाओं की वजह से पूरे देश में मशहूर हुए हैं, अगर ऐसी अप्रत्याशित हार मिलती है तो ये बड़ा सियासी झटका साबित होने वाला है। वहीं कांग्रेस की बात करें तो उसके लिए ए रेवंत रेड्डी का चेहरा काफी तगड़ा साबित हुआ है और माना जा रहा है कि अगर सरकार बनती है तो वे सीएम पद के भी दावेदार रहने वाले हैं।

मिजोरम में तीसरी पार्टी बना सकती सरकार

मिजोरम की बात करें तो वहां सबसे बड़ा उलटफेर हो सकता है। जिस राज्य में हमेशा से ही MNF और कांग्रेस के बीच में भी मुकाबला रहा है, वहां पर एक तीसरी पार्टी ZPM ने खुद को इतना मजबूत कर लिया है कि वो सरकार बनाने की स्थिति में भी दिख रही है। एक्सिस ने अपने एग्जिट पोल में 40 में से ZPM को 28 से 35 सीटें दी हैं। वहीं कई बार सत्ता में आ चुकी MNF इस बार 3 से 7 सीटों पर सिमटती दिख रही है। वहीं वापसी की दम लगाने वाली कांग्रेस का आंकड़ा शायद दो से चार सीटों पर ही सिमट सकता है।

Related:

बाकी ख़बरें