राजस्थान चुनाव: भाजपा के 450 रुपये में गैस सिलेंडर के वादे ने सोशल मीडिया का पारा बढ़ाया, ये रहे दोनों पार्टियों के मुद्दे

Written by sabrang india | Published on: November 25, 2023


राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में से 199 पर आज मतदान हुआ। बीजेपी और कांग्रेस दलों के नेता अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। हालांकि इन चुनावों के प्रचार के दौरान सांप्रदायिक विभाजन वाले बयानों के साथ वादों और दावों पर भी बात हुई। इस दौरान भाजपा ने राज्य में 450 रुपये में गैस सिलेंडर देने की बात की तो सवाल उठ रहा है कि अगर मोदी जी राजस्थान में 450 रुपये में गैस सिलेंडर दे सकते हैं तो अन्य राज्यों में क्यों नहीं, जिनमें खासकर भाजपा की सरकार है। सोशल मीडिया पर इस मुद्दे का काफी जोर रहा।  



विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान ‘गारंटी।‘ शब्द सबसे ज़्यादा प्रचलित रहा। भाजपा की तरफ से पीएम मोदी से लेकर गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रचार किया। जबकि कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, सांसद राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मैदान संभाला। पूरे चुनाव में पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, लाल डायरी, परिवारवाद को लेकर कांग्रेस को घेरा, तो राहुल गांधी ने अदाणी, ओबीसी, जातीय जनगणना और कांग्रेस की राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।  

पीएम मोदी-शाह ने इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस को घेरा

राजस्थान के प्रचार अभियान में पीएम मोदी ने लाल डायरी, पेपर लीक, गहलोत सरकार के भ्रष्टाचार, मोदी की गारंटी सब पर भारी, महिला अपराध और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को जोर शोर से उठाया। पीएम ने चुनावी रैलियों में बार-बार दोहराया कि कांग्रेस अपने वादों की लाल डायरी चाहे कहीं भी लेकर घूमती रहे, मोदी की गारंटी सब पर भारी है। जहां कांग्रेस से उम्मीदें खत्म होती हैं, वहां मोदी की गारंटी शुरू होती है। कांग्रेस ने जो कभी सोचा ही नहीं, वो बीते दस साल में आपके सेवक ने देशवासियों के चरणों में समर्पित कर दिया है।

गृहमंत्री अमित शाह ने अपने सभी रोड शो और रैलियों में गांधी परिवार और गहलोत सरकार पर निशाना साधा। शाह ने बार-बार दोहराया कि राजस्थान के विकास पर कांग्रेस और गांधी परिवार राहु-केतु बनकर बैठे हैं। इसलिए इस बार प्रदेश में भाजपा सरकार बनानी है, ताकि राजस्थान भी विकास के पथ पर अग्रसर हो सके।  

राहुल-प्रियंका ने इन मुद्दों पर किया फोकस

राहुल ने हर रैली में दोहराया कि हिंदुस्तान को एमपी-एमएलए नहीं चलाते। कैबिनेट सेक्रेटरी और पीएम नरेंद्र मोदी के साथ 90 अफसर देश को चलाते हैं। बजट का पैसा स्वास्थ्य, शिक्षा, बीमा योजना, देश की रक्षा में कितना जाएगा, ये लोग निर्णय लेते हैं। 90 में से पिछड़े वर्ग के कितने आईएएस अफसर हैं? पिछड़ों की आबादी 50 फीसदी और 90 में से एक अफसर आदिवासी, तीन अफसर दलित। अगर पिछड़ों की सरकार होती, तो कम से कम 90 में से 45 मतलब 50 फीसदी ओबीसी वर्ग के होते। राजस्थान में हमारी सरकार आएगी तो पहला काम राजस्थान में जाति जनगणना कराना होगा। और, दिल्ली में जैसे ही हमारी सरकार आएगी, कांग्रेस पार्टी पूरे देश में जाति जनगणना करवा देगी। जितनी भागीदारी पिछड़ों, गरीबों, दलितों और आदिवासियों की होनी चाहिए। जाति जनगणना के बाद हम उस पर एक्शन ले पाएंगे। जाति जनगणना के बाद हिंदुस्तान बदल जाएगा। जिस दिन हमने गरीबों को, पिछड़ों को, आदिवासियों को, दलितों को इस देश को चलाने में भागीदारी दे दी, उस दिन इस देश में चमत्कार हो जाएगा।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की हर सभा में पीएम मोदी निशाने पर रहे हैं। प्रियंका ने पीएम मोदी से सवाल किए कि वे हिंसा प्रभावित मणिपुर क्यों नहीं जा रहे हैं। सभाओं में किसान आंदोलन की याद दिलाते हुए प्रियंका गांधी कहा कि काले कृषि कानूनों को लेकर किसान धरने पर बैठे थे। भाजपा मंत्री के बेटे ने किसानों को अपनी गाड़ी के नीचे रौंद दिया था। मगर मंत्री को पद से नहीं हटाया गया। किसान अपनी मांगों के लिए महीनों तक धरने पर बैठे रहे, पर मोदी सरकार ने उनकी बात नहीं मानी। जैसे ही उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव नजदीक आए, ये कानून वापस ले लिए गए। महिला पहलवान सड़क पर बैठी रहीं, मोदी जी नहीं गए। लेकिन वही पहलवान जब मेडल जीतकर आईं, मोदी जी ने उनको घर बुलाया था। महिला पर हो रहे अत्याचारों का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा शासित प्रदेशों में महिलाओं पर बहुत अत्याचार हो रहे हैं। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की हाथरस और उन्नाव वारदात का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा।

गहलोत ने हर मु्द्दे का जवाब दिया 

प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में कांग्रेस की तरफ से ज्यादा सभाएं की हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में गहलोत सरकार की गारंटी और पांच में किए विकास कार्य दोहराते नजर आए। इसके अलावा वे हर सभा में कहते दिखे कि कांग्रेस की सरकार फिर प्रदेश में काबिज हो रही है। इस बार प्रदेश में रिवाज बदलने जा रहा है। गहलोत सभा में कहते हैं कि भाजपा का देश में पांच लाख रुपये का बीमा है, वो भी कुछ लोगों के लिए है। हमारा वाला अमीर-गरीब सबके लिए है, वो भी 25 लाख रुपये का। इसे 50 लाख रुपये करने की गारंटी दे रहे हैं। भाजपा वाले केवल गाय की बात करते हैं। उन्होंने पांच साल में 500 करोड़ रुपये अनुदान दिया। मैंने पांच साल में 3 हजार करोड़ रुपये का अनुदान गौशालाओं को दिया। कोरोना के समय अच्छा काम किया। चुनावी घोषणापत्र में 7 नई गारंटी दी हैं। 25 लाख रुपय़े तक का फ्री इलाज किया जा रहा है। ये सोशल सिक्योरिटी है। ये कोई अहसान नहीं है। हम भारत सरकार से भी ये मांग करते हैं। 10 लाख युवाओं को नौकरी, जिसमें 4 लाख सरकारी नौकरी शामिल है, देने की घोषणा की है।

Related:

बाकी ख़बरें