PMC Case: HDIL के दो प्रमोटर्स की दुबई और लंदन में अकूत संपत्ति

Written by sabrang india | Published on: October 11, 2019
महाराष्ट्र: पंजाब एंड महाराष्ट्र को ऑपरेटिव बैंक के घाटे में होने की वजह से लाखों खाताधारकों की जीवन भर की जमापूंजी अटक गई है। हजारों के बेघर होने की नौबत आ गई है लेकिन जो बैंक को इस हालात में ले जाने के लिए जिम्मेदार हैं उन्होंने देश ही नही विदेशों में भी करोडों की संपत्ति बनाई है। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा और ED की जांच में ये खुलासे रहे हैं। जांच एजेंसी ED मामले में मनी लांड्रिग की तहकीकात कर रही है तो मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा बैंक घोटाले की। बैंक के इस हालात में पंहुचने की सबसे बड़ी वजह है एक ही ग्रुप HDIL की कंपनियों को कुल कर्ज का 73 फीसदी देना।



HDIL के डिफॉल्टर हो जाने से बैंक की मुसीबत बढ़ गई और आरबीआई को बैंक में अपना प्रशासक बैठाना पड़ा। जाहिर है सबकुछ प्रबन्धन और HDIL के मालिकों की मिलीभगत से हुआ इसलिए मुम्बई पुलिस की EOW ने मामला ने HDIL के मालिक राकेश वाधवा और सारंग वाधवा, बैंक के पूर्व एमडी जॉय थॉमस और पूर्व चैयरमैन वरियम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

चारों की गिरफ्तारी के बाद अब बैंक को खोखला करने की उनकी कारगुजारियों का खुलासा हो रहा है। देश और विदेशों में मिल रही इनकी संपत्तियों से पता चल रहा है कि बैंक खाताधारकों की मेहनत की कमाई से ये अपनी तिजोरी भरते रहे।

प्रवर्तन निदेशालय की जांच में पता चला है कि HDIL के दो प्रमोटरों पिता राकेश वाधवा और पुत्र सारंग वाधवा की लंदन और दुबई में भी संपत्ति है। लंदन में आलीशान बंगला है। एजेंसी अब इन संपत्तियों को कुर्क करने के लिए अदालत के जरिये लेटर ऑफ रोगेटरी जारी करने की कोशिश में है। मुम्बई और आसपास की संपत्तियों को तो सील करने की कार्रवाई शुरू हो चुकी है।

अभी तक इनकी जिन सम्पत्तियों ने जब्त किया गया है उनमे पालघर जिले के वसई में 5 एकड़ में फैला विशाल विला, अलीबाग में एक विशाल बंगला, 2 रॉल्स रॉयस और एक बेंटले सहित 6 लक्जरी कारें, मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पार्क दो निजी जेट विमान हैं। इसके अलावा मॉरीशस के समुद्र तट पर एक याट् भी है जिसे जब्त करने के लिए प्रक्रिया जारी है।

अब तक 60 करोड़ रुपये की ज्वैलरी भी जब्त की जा चुकी है। सिर्फ HDIL के प्रमोटर ही नहीं PMC बैंक के चैयरमैन वरियम सिंह ने भी अकूत संपत्ति बनाई है। पता चला है कि UK और USA दोनों जगह बंगले हैं और कनाडा में एक होटल भी है जो बेटे के नाम पर है। पूर्व एमडी जॉय थॉमस के 4 फ्लैट पुणे में होने की जानकारी मिली है। एजेंसियां सभी जानकारियों की जांच पड़ताल में जुटी हैं।

इस बीच EOW ने भी मुंबई में वाधवा परिवार की तकरीबन 3500 करोड़ की कुछ निवासी और कुछ व्यवसायिक संपत्तियां जप्त की है। जांच में ये भी पता चला है कि कारोबार में मदद के लिए HDIL की तरफ से महाराष्ट्र के 2 बड़े नेताओं के रिश्तेदारों को जगह दी गई थी।

बाकी ख़बरें