बेशर्म ‘राजनीति’: सत्ता करीबी मुस्लिमों से विधानसभा अध्यक्ष तक, SRK से किसको लग रही मिर्ची!

Written by Sabrangindia Staff | Published on: December 20, 2022
बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान और एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की फिल्म पठान को लेकर विवाद चल रहा है। इस फिल्म का टीजर जारी होने के बाद से ही इसका विरोध जारी है। यह सब इसके गाने 'बेशरम रंग' के कारण हो रहा है।



बॉलीवुड अभिनेता शाहरूख खान फिल्म पठान के एक गाने को लेकर सुर्खियों में हैं। दक्षिणपंथी धड़े द्वारा इस फिल्म का बॉयकॉट करने आह्वान किया जा रहा है। सोशल मीडिया से होता हुआ यह मामला राजनीति में भी आ गया है। मध्य प्रदेश विधानसभा में भी इसे लेकर हंगामा  हुआ। 
 
भोपाल में मुस्लिम संगठन ने भी इसे बैन करने की मांग की है। ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी(एआइएमटीसी) ने फिल्म का विरोध किया है। संगठन के लोगों ने फिल्म के खिलाफ नारेबाजी की और हमें अमन चाहिए के नारे लगाए। भोपाल के इकबाल मैदान पर फिल्म पठान का विरोध किया गया। एआइएमटीसी के अध्यक्ष पीरजादा खुर्रम मियां चिश्ती ने कहा ''एक दिन में देश के अलग-अलग शहरों से 400 से अधिक फोन आए। सभी ने पठान फिल्म को मुस्लिमों के खिलाफ बताया है। फिल्म में मुस्लिमों की भावनाओं को भड़काया है। पठान फिल्म 25 जनवरी को रिलीज हो रही है। इसका पहला गाना बेशर्म रंग रिलीज हो चुका है। इसमें फिल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने अभिनेता शाहरुख खान के साथ भगवा रंग के वस्त्र पहनकर अश्लील नृत्य किया है।'' चिश्ती ने आगे कहा कि फिल्म में इस्लाम के नियमों का मजाक उड़ाया गया है। फिल्म पर प्रतिबंध लगाया जाए। इसके लिए वो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यपाल मंगुभाई पटेल से ज्ञापन देकर मांग करेंगे। यदि हमारी मांग नहीं मानी जाती है तो उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

एआइएमटीसी के अध्यक्ष पीरजादा खुर्रम मियां चिश्ती का भाजपा कनेक्शन
इस विरोध प्रदर्शन के बीच एआइएमटीसी के अध्यक्ष पीरजादा खुर्रम मियां चिश्ती की भाजपा के साथ घनिष्ठता के फोटो वायरल हो रहे हैं। वायरल तस्वीरों में चिश्ती को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सहित भाजपा के बड़े नेताओं के साथ मंच साझा करते देखा जा सकता है। फैक्ट चेकर वेबसाइट ऑल्ट न्यूज के पत्रकार मोहम्मद जुबैर ने चिश्ती की तस्वीरें शेयर की हैं। 



https://twitter.com/zoo_bear/status/1603648279316946944?t=T7GpOKT5l7opH_YcF15KkA&s=08

पठान विवाद में विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम की एंट्री
इस विवाद में अब मध्या  प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम की एंट्री हुई है। उन्होंने शाहरुख खान से कहा- जिस फिल्म को तुमने बनाया है, उसे अपनी 23-24 साल की बेटी के साथ देख लें तो मान लेंगे कि फिल्म समाज के लिए ठीक है।

उन्होंने आगे कहा कि पीला (भगवा) वस्त्र हमारे राष्ट्रीय गौरव का चिह्न है। यह हिंदू धर्म से जुड़ा है। पीला वस्त्र ही बेशर्म है। इसका मतलब क्या है...। हरे को कह देते, सफेद को कह देते। हरे का सम्मान हो, पीले का अपमान हो, यह तो ठीक नहीं है।

फिल्ममेकर कह रहे हैं कि पठान फिल्म से कई लोग जुड़े हैं, उनकी रोजीरोटी का सवाल है, तो क्या कश्मीर फाइल्स में लोग नहीं लगे थे...। यह दोहरा मापदंड ठीक नहीं है। खुद को बड़ा कलाकार मानते हैं तो अपनी 23-24 साल की बेटी के साथ फिल्म देख लो न। जिस सिनेमा को बनाकर समाज को परोस रहे हैं, उसे बेटी के साथ नहीं देखेंगे। उल्टा हमारे समाज के लिए उचित मान रहे हैं। हिंदू धर्म के ऊपर हमला होता है तो धर्म निरपेक्ष सेक्युलरिज्म वाले खड़े हो जाते हैं। वे 'सर तन से जुदा' वालों के खिलाफ क्यों नहीं बोलते। फिल्म को कतई नहीं चलने दिया जाना चाहिए। मैं इसका समर्थन करता हूं।  

भगवा में  रोमांस करते भाजपा सांसदों के वीडियो वायरल
फिल्म के विरोध को लेकर अब सोशल मीडिया यूजर्स ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी, सांसद रवि किशन, सांसद निरहुआ के वीडियो क्लिप वायरल करने शुरू कर दिये हैं। जिसमें वह भगवा रंग के कपड़ो में रोमांटिक सीन करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने एक वीडियो शेयर किया। जिसमें निरहुआ और आम्रपाली भगवा रंग के कपड़े में चारपाई पर रोमांस करने नजर आ रहे हैं। इन वीडियोज को ट्विटर पर खूब शेयर किया जा रहा है।

ब्रह्मास्त्र, लाल सिंह चड्ढा से लेकर सम्राट पृथ्वीराज जैसी फिल्मों का हो चुका है विरोध
साल 2022 बॉलीवुड के लिए कुछ अच्छा साबित नहीं हुआ। फिल्मों के बॉयकॉट से लेकर बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप फिल्मों की लाइन लगने तक, कई वजहों से सालभर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को घाटा सहना पड़ा। आमिर खान, अक्षय कुमार और रणबीर कपूर जैसे बड़े स्टार्स की भी फिल्में विरोधियों के निशाने पर रह चुकी हैं। कभी फिल्म के नाम तो कभी फिल्म के सीन या अभिनेताओं के पुराने बयानों पर बवाल हो चुका है। 

Related:

बाकी ख़बरें