बीजेपी के एक बड़े नेता ने कहा- मोदी सरकार में किसानों-गरीबों का नहीं, सिर्फ अडानी-अंबानी का विकास हुआ

Published on: June 6, 2017
एक तरफ बीजेपी और मोदी सरकार अपनी सरकार के तीन साल पूरे होने पर जश्न मना रहे और उपलब्धियां गिना रहे हैं वहीं दूसरी तरफ लेकिन उनकी पार्टी के ही नेता ये बता रहे हैं कि मोदी सरकार के कार्यकाल में किसानों और गरीबों तो कुछ भी नहीं हुआ लेकिन सारा विकास अडानी-अंबानी जैसे कॉरपोरेट घरानों के लोगों का जरूर हुआ है। 

Ambani and adani

बीजेपी के बड़े नेता और राजस्थान से विधायक घनश्याम तिवाड़ी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया है। केंद्र की भाजपा नीत एनडीए सरकार की आलोचना करते हुए तिवाड़ी ने कहा कि मौजूदा सरकार में केवल अडानी-अंबानी जैसे कुछ कॉर्पोरेट घरानों का विकास हो रहा है जबकि किसान कष्ट झेल रहे हैं। 
 
घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि भारत एक बड़ी आर्थिक शक्ति के तौर पर उभरा है लेकिन भारतीयों का विकास नहीं हुआ है। राजस्थान के सांगनेर से विधायक तिवाड़ी ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय कहते थे कि कतार के आखिरी आदमी के विकास के बाद लोकतंत्र सफल माना जा सकता है। लेकिन अभी केवल अडानी-अंबानी जैसे कुछ चुनिंदा कारोबारी घरानों का ही विकास हो रहा है।
 
तिवाड़ी ने कहा कि एक भी किसान ऐसा नहीं है जिस पर कर्ज न हो। किसान अपने दूध सड़क पर फेंक रहा है। बेरोजगारी बढ़ रही है। देश की सारी दौलत कुछ लोगों के पास जा रही है। देश में केंद्रीकृत पूंजीवाद हावी है।
 
आपको बता दें कि मोदी सरकार की आलोचना करने से पहले तिवाड़ी हाल ही में वसुंधरा राजे सरकार की आलोचना करके मीडिया की सुर्खियों में आए थे। घनश्याम तिवाड़ी ने वसुंधरा सरकार द्वारा नया कानून बनाकर पूर्व मुख्यमंत्रियों को आजीवन बंगला, कार और नौकर-चाकर दिए जाने की व्यवस्था कर दी। तिवाड़ी ने इसे “संवैधानिक लूट” बताते हुए वसुंधरा सरकार के इस फैसले की आलोचना की।
 
साभारः नेशनल दस्तक

बाकी ख़बरें