मोदी ने 5 साल में यह कमाया है कि जवान और किसान दोनों ही बनारस से चुनाव लड़ रहे हैं: कन्हैया कुमार

Written by sabrang india | Published on: April 27, 2019
बिहार की बेगूसराय सीट पर सीपीआई के उम्मीदवार कन्हैया कुमार के प्रति जनता की दीवानगी सिर चढ़कर बोल रही है। शुक्रवार रात उन्होंने जनता को संबोधित किया। अपने संबोधन का वीडियो कन्हैया कुमार ने अपने फेसबुक पर लाइव किया है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग टॉर्च और मोबाइल की लाइट जलाकर कन्हैया कुमार के काफिले में शामिल होने पहुंचे थे। 

कन्हैया कुमार ने अपने सम्बोधन के दौरान मोदी सरकार को आड़े हाथ लेते हुए जमकर हमला बोला. कन्हैया कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जीतने के लिए बार बार बेगूसराय की धरती का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों अमित शाह यहां आए थे तो उन्होंने दिनकर जी की पुण्यतिथि को जयंती बता दिया। जब लोगों ने उन्हें टोका तो बोले कि जयंती और पुण्यतिथि एक ही होती है। अब सोचिये जिन्हें जन्मतिथि और पुण्यतिथि का फर्क नहीं पता वो देश को क्या चलाएंगे?

सीपीआई उम्मीदवार ने कहा कि जो परिस्थिति वर्ष 2014 में बनारस की थी आज वही स्थिति बेगूसराय की हो रही है। इस बात से भाजपा के लोग भी इंकार नहीं कर सकते। अपने सम्बोधन के दौरान कन्हैया कुमार ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव सच और झूठ के बीच है। यह संविधान को बचाने की लड़ाई हो रही है। मोदी सरकार पर चोट करते हुए कन्हैया कुमार ने कहा कि यह सिर्फ जुमलेबाज की सरकार बन कर रह गई है, जो लोगों को ठगने का काम कर रही है। कन्हैया ने कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव दो लोगों के बीच की नहीं बल्कि संविधान और तिरंगे को बचाने की लड़ाई है।



कन्हैया कुमार ने कहा कि फिलहाल आदर्श आचार संहिता लागू है और हम उसका पूरा सम्मान करते हैं लेकिन हमारे देश के प्रधानमंत्री उसे बार-बार तोड़ रहे हैं। किसान और जवानों के मुद्दे पर उन्होंने बोला कि आज किसान आत्महत्या कर रहा है और उन्हें बीमा देने वाली कंपनी 10 हजार करोड के मुनाफे में है। मोदी ने पांच साल में यह कमाया है कि सेना का जवान तेजबहादुर यादव और तमिलनाडु के 111 किसान उनके सामने चुनाव लड़ रहे हैं। 

बता दें कि कन्हैया कुमार के समर्थन में हजारों की संख्या में लोग दिन रात सड़कों पर उतर रहे हैं और प्रचार में जुटे हैं। हजारों की संख्या में महिलाओँ, बुजुर्गों, युवाओं का जनसैलाब कन्हैया कुमार के काफिले के साथ नाचता गाता नजर आता है। हर किसी को देखकर बस यही लगता है कि ये लोग युवा नेता को संसद में देखना ही चाहते हैं। हर वर्ग के लोग कन्हैया कुमार के काफिले में नजर आते हैं। इसमें लाल झंडा ही नहीं बल्कि नीला झंडा भी देखने को मिलता है। इस काफिले में खुद कन्हैया कुमार ने लाल और नीला गमछा अपने गले में डाला हुआ था। 

कन्हैया कुमार की वजह से बेगूसराय सीट हॉट सीट बन गई है। देशभर का मीडिया यहां डेरा जमाए पड़ा है। इसी आधार पर कन्हैया कुमार ने खुद कहा कि जो हाल 2014 में बनारस सीट का था वही आज बेगूसराय का है। इसके साथ ही उन्होंने अमित शाह पर लगातार झूठ बोलने का आरोप लगाया।

बाकी ख़बरें