जालंधर में दलित महिला को कथित तौर पर पुलिसकर्मी ने पीटा और बाल पकड़कर घसीटा

Written by sabrang india | Published on: March 23, 2026
यह घटना CCTV में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। इसके बाद नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किए और आरोपी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।


साभार : डेली ट्रिब्यून

पंजाब में पुलिस की कथित बर्बरता का एक मामला सामने आने के बाद लोगों में भारी गुस्सा है। जालंधर में एक दलित महिला को कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी ने पीटा और उसके घर से घसीटकर बाहर निकाल दिया। यह घटना CCTV में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। इसके बाद नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किए और आरोपी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

CCTV फुटेज में पुलिस की मारपीट दिखी

ऑब्जर्वर पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 7 बजे भार्गो पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले भार्गो कैंप इलाके में हुई। रिपोर्ट के अनुसार, एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) ने कथित तौर पर ममता भगत नाम की एक विधवा महिला को पीटा और उसके बेटों को हिरासत में लेने की कोशिश करते हुए उसे बालों से पकड़कर सड़क पर घसीटा।

वायरल CCTV फुटेज में पुलिसकर्मी सड़क पर कुछ युवकों के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं, जबकि महिला बीच-बचाव करने की कोशिश करती है, लेकिन फिर पुलिसकर्मी उस पर भी हमला कर देते हैं। इन दृश्यों ने लोगों के गुस्से को और भड़का दिया है और कई लोग पुलिस के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं।

पीड़ित महिला ने बर्बरता और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया

ममता भगत ने कहा कि जब अधिकारी हिंसक हो गया, तब वह अपने बेटे को बचाने की कोशिश कर रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया, “ASI ने सारी हदें पार कर दीं। जब वह आया, तो उसके साथ कोई महिला पुलिसकर्मी नहीं थी। मैंने उससे बात करने की कोशिश की, लेकिन उसने मुझे बालों से पकड़ लिया।”

उन्होंने आगे बताया कि जब पुलिस पहुंची, तब उनके बेटे सो रहे थे, और उनका दावा है कि यह स्थिति बेवजह ही इतनी बिगड़ गई। उन्होंने मामले की पृष्ठभूमि बताते हुए कहा, “मैं एक दिन पहले ही एक पारिवारिक विवाद की शिकायत दर्ज कराने पुलिस स्टेशन गई थी, लेकिन जांच अधिकारी वहां मौजूद नहीं थे।”

महिला ने आगे बताया कि पड़ोसियों ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश की और उसके बेटे को पुलिस स्टेशन ले जाने की पेशकश की, लेकिन पुलिस ने कथित तौर पर उनकी बात अनसुनी कर दी। इस घटना के दौरान महिला को चोटें आईं और उसके माथे पर पट्टी बांधनी पड़ी।

पारिवारिक विवाद के कारण पुलिस की कार्रवाई

ममता के अनुसार, पुलिस की यह कार्रवाई उनके बड़े बेटे और उसकी पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद से जुड़ी थी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने अपनी बेटी को घर ले आया था, जिसे बाद में उन्होंने उसकी मां (अपनी बहू) के पास वापस भेज दिया था। हालांकि, मामले को सुलझाने की उनकी कोशिशों के बावजूद, पुलिस कथित तौर पर वहां पहुंच गई और बल प्रयोग किया।

नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया

यह घटना जल्द ही एक राजनीतिक मुद्दा बन गई, क्योंकि कई पार्टियों के नेता पीड़ित महिला के समर्थन में एकजुट हो गए। विरोध प्रदर्शन करने वालों में शीतल अंगुरल और सुरिंदर कौर के साथ-साथ अन्य स्थानीय प्रतिनिधि भी शामिल थे।

उन्होंने भार्गो कैंप चौक पर धरना दिया और बाद में पीड़ित के साथ पुलिस स्टेशन गए, जहां उन्होंने आरोपी अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

शीतल अंगुरल ने कहा, “हम तब तक पीछे नहीं हटेंगे जब तक पीड़ित को न्याय नहीं मिल जाता। हमें बताया गया है कि संबंधित ASI के खिलाफ कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।”

राज्य आयोगों में शिकायत की योजना

विरोध प्रदर्शन कर रहे नेताओं ने घोषणा की है कि वे इस मामले को आगे बढ़ाते हुए पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग और पंजाब राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराएंगे।

उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है और इस घटना को सत्ता के दुरुपयोग तथा जाति-आधारित अन्याय का एक उदाहरण बताया है।

Related

MP में दलित व्यक्ति को जूतों से पीटा, UP में न्याय न मिलने पर दलित परिवार की जान देने की धमकी

हरियाणा: दलित परिवार गांव छोड़कर भागे, होली के दिन युवक की पीट-पीटकर हत्या

बाकी ख़बरें