योगी राज: जींस-स्कर्ट पहनने पर ग्रामीणों ने लड़कियों को बंधक बनाकर पीटा

Published on: April 3, 2017
गाजियाबाद। देश में विकास और प्रगतिशील बनाने की तमाम बातें की जा रही हैं। मगर आज भी देश में एक बड़ा तबका ऐसा है जो पिछड़ी हुई मानसिकता से पीड़ित है। इस बात की बानगी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के पुर्सी गांव में देखने को मिली। यहां ग्रामीणों द्वारा चार लड़कियों को जींस-स्कर्ट पहनने की वजह से बंधक बनाकर पीटा गया। 

Gender rights
 
दरअसल यह लड़कियां अपनी सहेली के पिता की मौत के बाद उससे मिलने के लिए गई थीं। इस दौरान एक लड़की ने स्कर्ट व तीन लड़कियों ने जींस और टॉप पहन रखा था। इस बीच कुछ पड़ोसी वहां आए और लड़कियों के पहनावे का विरोध करने लगे। 
 
ग्रामीणों ने चारों लड़कियों को घर से निकल जाने का फरमान सुनाया। लड़कियों ने जब इस बात पर ऐतराज जताया तो गुस्साए ग्रामीणों ने लड़कियों को एक कमरे में बंद कर मारपीट की। इस बीच लड़कियों ने अपने परिजनों को फोन कर मामले की सूचना दी। इसके बाद लड़कियों के परिजन पुलिस के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने लड़कियों को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराया।
 
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को पुर्सी गांव के पवन (42) की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। सहेली के पिता की मौत की खबर मिलने के बाद उसकी सहपाठी उससे मिलने उसके घर पहुंची थीं। लड़कियों का पहनावा देख ग्रामीण भड़क गए और लड़कियों को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट भी की। पुलिस थानाध्यक्ष सरताज ने बताया कि लड़कियों ने मामले में कार्रवाई करने से इन्कार किया है। तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 
संपादन- भवेंद्र प्रकाश

Courtesy: National Dastak
 

बाकी ख़बरें