आगरा: PM मोदी की रैली के बाद फूटा नगर निगम कर्मचारियों का गुस्सा, हिंदूवादी नेता को दौड़ाकर पीटा

Written by Sabrangindia Staff | Published on: January 10, 2019
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में बीते दो दिनों से नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की पिटाई के मामले सामने आए थे। इस दौरान पीएम मोदी और सीएम आदित्यनाथ के कार्यक्रम निर्धारित थे। पीएम और सीएम के कार्यक्रम खत्म होने के बाद ही नगर निगम कर्मचारियों का सब्र टूट गया और वे सड़कों पर उतर आए। 

पीएम की रैली खत्म होते ही कर्मचारियों का गुबार फूट पड़ा। इस चिंगारी में घी उस समय पड़ा जब हिन्दूवादी संगठन के नेता ने सहायक नगर आयुक्त से अभद्रता कर दी। नगर निगम कर्मचारियों ने हिन्दूवादी नेता को सड़क पर दौड़ा दौड़ाकर पीटा। पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस घटना के बाद आक्रोशित नगर निगम कर्मचारियों ने सड़क को जाम कर दिया। स्कूल से आने वाले बच्चों को कई घंटे परेशान होना पड़ा।

बृहस्पतिवार को पहले नगर निगम के वर्कशॉप से कूड़ा उठाने वाले वाहन बाहर नहीं निकलने दिए। दरअसल पीएम मोदी के कार्यक्रम के चलते नगर निगम की टीम को सफाई व्यवस्था में लगाया गया था। इस बीच ही दो-तीन मामले ऐसे हुए कि कर्मचारियों की पिटाई कर दी गई। आक्रोशित कर्मचारियों को किसी तरह अधिकारियों ने समझाकर शांत होने के लिए कहा। गुरुवार को नगर निगम के कर्मचारियों ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित वर्कशॉप पर ताला डाल दिया। इससे सभी लोडर और कचरा उठाने वाले ट्रक बाहर नहीं निकल पाए। कहीं से भी कचरे का उठान नहीं हुआ।

दोपहर को ताजगंज के धांधूपुरा में नगर निगम की जमीन को लेकर कर्मचारियों की अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं से झड़प हो गई। इसके बाद हिन्दूवादी संगठन के नेता के साथ कार्यकर्ता नगर निगम में आ गए। यहां सहायक नगर आयुक्त अनुपम शुक्ला के साथ अभद्रता हो गई। इस अभद्रता के चलते कर्मचारी भड़क गए। हिन्दूवादी नेता को जमकर पीटा गया और एमजी रोड पर आकर सड़क को जाम कर दिया। नगर निगम की गाड़ियों को सड़क पर खड़ा कर दिया। जाम लगा दिया। कर्मचारी मुकदमा दर्ज कराने की मांग कर रहे थे। वहीं एमजी रोड पर लगे जाम से हालत खराब हो गए। पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित कर्मचारियों को समझाया और जाम खुलवाया।

इनपुट: पत्रिका

बाकी ख़बरें