कांग्रेस ने संबित पात्रा के खिलाफ दिल्ली पुलिस में दर्ज कराई शिकायत, FIR दर्ज करने की मांग

Written by sabrang india | Published on: May 11, 2020
नई दिल्ली। कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। दरअसल पात्रा ने अपने एक ट्वीट में देश के दो पूर्व प्रधानमंत्रियों की तस्वीर लगाकर कांग्रेस पार्टी पर तंज कसा था। 



पात्रा ने अपने ट्वीट में कहा था कि यदि कोरोना संकटकाल में कांग्रेस की सरकार होती तो 5000 करोड़ का मास्क घोटाला, 7000 करोड़ का कोरोना टेस्ट किट घोटाला, 20 हजार करोड़ का जवाहर सैनिटाइजर घोटाला और 26 हजार करोड़ का राजीव गांधी वायरस रिसर्च घोटाला हो जाता। संबित पात्रा के इस ट्वीट से पहले कांग्रेस ने देश की वर्तमान सरकार पर निशाना साधा था। 



मध्य प्रदेश कांग्रेस की तरफ से ट्वीट करते हुए कहा गया था कि 'आज देश में कांग्रेस सरकार होती तो- हम टेस्ट, उपचार, व्यवस्था, राहत, मदद और तकनीकी में दुनिया में सबसे आगे होते।'

माना जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी की तरफ से यह ट्वीट देश में फैले कोरोना संक्रमण के खिलाफ केंद्र सरकार की लड़ाई और सरकार के तरफ से किये जा रहे अन्य उपायों को लेकर था। कांग्रेस के इसी ट्वीट के बाद संबित पात्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधा था। 

संबित पात्रा के ट्वीट को लेकर दिल्ली में युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने दिल्ली पुलिस के पास आपत्ति दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में श्रीनिवास ने आऱोप लगाया है कि संबित पात्रा के इस ट्वीट से पार्टी और देश के 2 पूर्व प्रधानमंत्रियों की छवि को नुकसान पहुंचा है। युवा कांग्रेस के नेता ने संबित पात्रा पर आरोप लगाया है कि दोनों प्रधानमंत्रियों के तस्वीरों पर इस तरह की बातें लिखकर गलत जानकारियां फैलाने की कोशिश की गई है। 

दिल्ली पुलिस कमिशनर एस.एन.श्रीवास्तव के पास अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए कांग्रेस की तरफ से कहा गया है कि पात्रा का ट्वीट वास्तविकता से दूर है और इस तरह के मैसेज को समाज में बढ़ावा नहीं दिया जा सकता। श्रीनिवास ने दिल्ली पुलिस के कमिश्नर से अपील किया है कि संबित पात्रा पर भारतीय दंड संहिता की कड़ी धाराओं के तहत केस दर्ज किया जाए।

बाकी ख़बरें